भोपाल

खुलासाः भोपाल में 1.20 करोड़ कमाने के लालच में 17 साल के रेहान की हत्या

Bhopal Teen Murder Case- 1.20 करोड़ कमाने का लालच देकर 17 साल के रेहान की हत्या करवाने की साजिश का खुलासा...। वीडियो देखकर निकाले थे निजी अंग...।
3 min read
Aug 17, 2026
Bhopal Teen Murder Case
Bhopal Teen Murder Case- भोपाल की श्यामला हिल्स पुलिस ने छोटे तालाब में 17 साल के किशोर की हत्या का खुलासा कर दिया।

Bhopal Teen Murder Case- श्यामला हिल्स थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटे तालाब के धोबीघाट के पास मिले अज्ञात शव के अंधे कत्ल का पुलिस ने सोमवार का खुलासा कर दिया। डीसीपी जोन-3 आयुष गुप्ता ने बताया कि आरोपियों ने 1.20 करोड़ रुपए कमाने के लालच में 17 वर्षीय रेहान की हत्या की थी। हत्या के बाद उसके शरीर से निजी अंग निकालकर बेचने की साजिश थी। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी 18 वर्षीय आमिर कुरैशी और 20 वर्षीय जोहेब खान को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद तीन विधि-विरुद्ध बालकों को भी हिरासत में लिया है।

वीडियो देखकर रची हत्या की साजिश

पुलिस के अनुसार आरोपी जोहेब खान ने खुद को मेडिकल की पढ़ाई करने वाला बताया था। वह डॉक्टर की तरह दिखने के लिए एप्रन और आला लगाकर लोगों से मिलता था। एक महीने पहले उसकी पहचान एक विधि-विरुद्ध बालक से हुई थी। दोस्ती बढ़ने के बाद जोहेब ने उसे और आमिर को मोबाइल पर एक वीडियो दिखाया था। वीडियो में किसी व्यक्ति को बेहोश कर उसके निजी अंग निकालने का तरीका बताया जा रहा था। इसके बाद जोहेब ने दावा किया कि इन अंगों को बेचकर 1.20 करोड़ रुपए कमाए जा सकते हैं। इसके लिए 15 से 16 साल की उम्र के लड़के की जरूरत बताई गई। इसके बाद एक विधि-विरुद्ध बालक ने अपने साथी आमिर को योजना में शामिल किया। आमिर ने दो और विधि-विरुद्ध बालकों को साजिश में जोड़ लिया। आरोपियों ने ऐसे लड़के की तलाश शुरू कर दी, जिसे आसानी से अपने साथ ले जाया जा सके।

100 रुपए का लालच देकर साथ ले गए

पुलिस जांच में आया है कि रेहान इकबाल मैदान, रेतघाट, कमला पार्क, बस स्टैंड और रॉयल मार्केट इलाके में पेन और चाबी के छल्ले बेचता था। 6 अगस्त को दो विधि-विरुद्ध बालक इकबाल मैदान पहुंचे और रेहान को बहाने से अपने साथ चलने के लिए बोला था। उन्होंने बताया कि खटलापुरा के पास कुछ लड़कों से विवाद हुआ है और उनसे लड़ने जाना है। इसके बदले उसे 100 रुपए देने का लालच दिया था। फिर वह उनके साथ चल पड़ा। रास्ते में रेतघाट के पास आमिर और अन्य साथी भी मिल गए। इसके बाद सभी रेहान को गिन्नौरी और किलोल पार्क होते हुए छोटे तालाब के धोबीघाट की तरफ ले गए। इस दौरान आरोपी जोहेब के लगातार संपर्क में थे और फोन पर उसे बता रहे थे कि जिस लड़के की तलाश थी, वह मिल गया है।

हत्या के बाद वीडियो देखकर अंग निकाले

धोबीघाट के पास आरोपियों ने रेहान की पहले हत्या की थी। इसके बाद एक विधि-विरुद्ध बालक ने ब्लेड और मास्क निकाला था। आमिर ने फोन पर जोहेब को हत्या की जानकारी दी। जोहेब मौके पर नहीं आया और उसने पहले दिखाए गए वीडियो के अनुसार आगे की कार्रवाई करने के लिए कहा। इसके बाद आरोपियों ने शव से निजी अंग निकालकर प्लास्टिक की थैली में रख दिए। जोहेब इन्हें बेचने में सफल नहीं हुआ तो अगले दिन उसने सामान वापस आमिर और विधि-विरुद्ध बालकों को दे दिया और कुछ दिन अपने पास रखने को कहा। तीन दिन बाद दोबारा बेचने की कोशिश हुई, लेकिन सौदा नहीं हो सका। इसके बाद आरोपियों ने अंगों को वापस तालाब में फेंक दिया था।

पीएम रिपोर्ट के बाद हत्या का केस दर्ज

10 अगस्त को छोटे तालाब के धोबीघाट के पास अज्ञात शव मिला था। पुलिस ने गोताखोर शेख आसिफ और मेहज उल्ला की मदद से शव बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में पेट और पैर में वार से हत्या की बात सामने आई। इसके बाद तलैया थाने में हत्या का केस दर्ज किया गया था।

एआइ की मदद से हुई पहचान

पुलिस ने सोशल मीडिया और AI की मदद ली और घर-घर जाकर फोटो दिखाए। 15 अगस्त को रानी शाह गुमशुदगी की रिपोर्ट कराने तलैया थाने पहुंचीं। शव के बाएं हाथ पर बने टैटू में एसके के नीचे शंकर लिखा था। इसे देखकर उन्होंने मृतक की पहचान अपने बेटे रेहान के रूप में की थी।

इनकी तलाश जारी

पुलिस ने मामले में आमिर कुरैशी और जोहेब खान को गिरफ्तार कर लिया है। तीन विधि-विरुद्ध बालकों को भी हिरासत में लिया गया है। इस पूरे साजिश में शामिल अन्य लोगों और कथित तौर पर निजी अंग खरीदने वाले व्यक्ति की तलाश में टीमें लगा दी है।

Updated on:
17 Aug 2026 08:33 pm
Published on:
17 Aug 2026 08:29 pm