
Bhopal Route Diversion : मध्य प्रदेश राजधानी भोपाल में आज भाजपा द्वारा आयोजित नारी सशक्तिकरण सम्मेलन के चलते शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रहेगी। ये आयोजन शहर के एमवीएम कॉलेज मैदान में सुबह 10 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक होना प्रस्तावित है, जिसमें करीब 20 हजार महिलाओं के शामिल होने का अनुमान है। ऐसे में शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए कई रास्ते डायवर्ट किए जा रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस भोपाल की ओर से एक दिन पहले ही शहर का पूरा ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया है।
महिलाओं को लोकसभा, विधानसभाओं में 33 फीसदी आरक्षण देने को लेकर संसद में लाए गए तीन विधेयक पारित न हो पाने के विरोध में आज राजधानी भोपाल के एमवीएम कॉलेज ग्राउंड पर सुबह 10 बजे से नारी आक्रोश रैली का आयोजन होने जा रहा है, जो दोपहर 2.30 बजे तक चलेगा। इस विशाल रैली का नेतृत्व बीजेपी द्वारा किया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव के साथ - साथ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश सरकार की महिला मंत्री मुख्य रूप से शामिल होंगी। इस आक्रोश रैली में प्रदेशभर से करीब 20 हजार महिलाओं के शामिल होने का भी अनुमान है।
यातायात विभाग की ओर से जारी प्लान के तहत कार्यक्रम के चलते शहर में वीआईपी मूवमेंट के साथ - साथ बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही को मद्देनजर रखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष इंतजाम कर रखे हैं। करीब 350 बसें और 2500 चार पहिया वाहन प्रदेश भर से सम्मेलन स्थल तक पहुंचेंगे, जिसके चलते शहर के एमवीएम कॉलेज मार्ग के साथ - साथ आसपास के इलाकों पर भी ट्रैफिक का दबाव बढ़ेगा। इसी के चलते मार्गों की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, कंट्रोल रूम तिराहा से गांधी पार्क होते हुए रोशनपुरा चौराहा तक आने-जाने वाले मार्गों पर सुबह 10 बजे से कंट्रोल रूम तिराहा, गांधी पार्क, रोशनपुरा चौराहा और आसपास के मार्गों पर यातायात का दबाव अधिक रहेगा। ऐसे में जो लोग कार्यक्रम में शामिल नहीं हो रहे हैं, उन्हें इस रूट से बचने की सलाह दी गई है।
-रेलवे स्टेशन जाने वाले वाहन बोर्ड ऑफिस, डीबी मॉल, सुभाष ओवरब्रिज होते हुए गुजरेंगे।
-जवाहर चौक से आवागमन करने के लिए लिंक रोड नंबर - 2 होते हुए जाना होगा।
-पुराने शहर से भारत टॉकीज, पुल बोगदा, जिंसी, कोर्ट चौराहा मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं।
-वीआईपी रोड से नए शहर आने के लिए स्मार्ट रोड, भारत माता चौराहा, लिंक रोड - 2 का इस्तेमाल किया जा सकता है।
-भोपाल शहर की बसें अलग - अलग प्रमुख चौराहों से होकर लाल परेड ग्राउंड पहुंचेंगी।
-इन इलाकों में रहेगा ज्यादा दबाव: सुबह 10 बजे से कंट्रोल रूम तिराहा, गांधी पार्क, रोशनपुरा चौराहा और आसपास के मार्गों पर भारी ट्रैफिक रहेगा।