
Bhopal RTO Officer Murder:एमपी में भोपाल के खजूरी सड़क थाना क्षेत्र की पर्ल कॉलोनी में आरटीओ इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले (36) की हत्या के मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, कहानी की कई परतें सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि मीनाक्षी परिवार में चार बहनों के बीच लाड़ली बेटी थीं। उनके पिता नंद राम गोखले इंदौर में पदस्थ रहे और कलेक्टर कार्यालय से सेवानिवृत्त हुए हैं। परिवार के लिए बेटी की इस तरह से हुई मौत ने पूरे घर को झकझोर दिया है। पवन के भाई विनय ने बताया कि पवन ने घर में शादी की बात जरूर बताई थी, लेकिन मीनाक्षी का नाम कभी नहीं लिया था।
परिवार की ओर से उसके लिए भोपाल में रिश्ते भी देखे जा रहे थे। जाति को लेकर पवन से बातचीत हुई थी, लेकिन मीनाक्षी के परिवार से शादी को लेकर कोई संपर्क नहीं हुआ था। विनय का कहना है कि मामला केवल शादी के दबाव तक सीमित नहीं लगता। पवन की मौत को लेकर भी परिवार ने संदेह जताया है। पुलिस अब कृतिका की भूमिका सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पवन के बारे में बताया गया कि वह पीएससी की तैयारी कर रहा था। 12 वीं के बाद पढ़ाई के लिए इंदौर चला गया था और वहां उसका अपना फ्लैट भी था। वह अमेरिका और नाइजीरिया में नौकरी कर चुका था। वर्तमान में वह हिमालय कंपनी में नेशनल हेड के पद पर कार्यरत था। टीआई राजेंद्र सोलंकी ने बताया कि जांच में आया है कि 20 सितंबर को मीनाक्षी, उसकी रूममेट कृतिका साहू और तीन साल की बच्ची पवन के कमरे पर पहुंची थीं। शाम साढ़े छह बजे सभी ने साथ खाना खाया। रात 10 बजे कृतिका बच्ची को लेकर चली गई।
इसके बाद मीनाक्षी और पवन बाहर बातचीत करते रहे। रात 12 बजे दोनों में विवाद हुआ। कुछ देर बाद मामला शांत हो गया, लेकिन एक बजे फिर शोर सुनाई दिया। दोनों के बीच पहले भी विवाद होने के कारण आसपास मौजूद लोगों ने इसे सामान्य समझकर ध्यान नहीं दिया। सुबह छह बजे मीनाक्षी का शव मिला था।
-मीनाक्षी और पवन के बीच विवाद की असली वजह क्या थी ?
-पवन ने परिवार से मीनाक्षी के रिश्ते की बात क्यों छिपाई ?
-पवन की मौत के पीछे क्या परिस्थितियां थीं ?
-कृतिका और अन्य लोगों की भूमिका क्या रही ?
-वारदात से पहले और बाद के मोबाइल व डिजिटल रिकॉर्ड में क्या मिला ?
-पुराने वीडियो और विवाद का मौजूदा घटनाक्रम से कोई संबंध है या नहीं ?