
Bhopal Teacher Samman Samaroh- मध्यप्रदेश के भोपाल में शिक्षक सम्मान समारोह में काले कपड़े पहनने वालों को प्रवेश नहीं दिया गया। सुरक्षाकर्मियों ने काले रंग की पैंट, शर्ट, टीशर्ट और काले परिधान वाली महिला शिक्षकों को भी प्रवेश नहीं दिया। इस पर महिलाओं ने नाराजगी व्यक्त की है। उनका कहना है कि हम सम्मान समारोह में हिस्सा लेने आए हैं और शनिवार को काले कपड़े पहने थे, लेकिन शिक्षकों के सम्मान समारोह में बाकी शिक्षकों का अपमान है। कार्यक्रम से पहले कपड़ों के रंग को लेकर कोई निर्देश भी जारी नहीं हुए थे।
भोपाल के प्रशासन अकादमी में शनिवार को राज्यपाल मंगू भाई पटेल और मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल हुए थे। 'राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह-2026' में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 33 शिक्षकों को सम्मानित किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए थे।
कार्यक्रम स्थल से बाहर हुई कई महिला शिक्षिकाओं ने इस पर आपत्ति व्यक्त की है। उनका कहना था कि आज शिक्षकों के सम्मान का दिन है और हमें काली साड़ी पहनकर आने पर बाहर जाने को कहा जा रहा है, जो गलत है। क्या हम अपनी पसंद के कपड़े भी नहीं पहन सकते है क्या? महिलाओं ने कहा कि आज शनिवार का भी दिन है और इसलिए हमने काले रंग के शालीन कपड़े ही पहने थे।
बताया जा रहा है कि मध्यप्रदेश में टीइटी समेत शिक्षकों के कई प्रकरण न्यायालय हैं, जिनके लिए कई शिक्षकों के प्रदर्शन भी होते रहते हैं। किसी विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए संभवतः काले कपड़े वाले लोगों को समारोह में प्रवेश नहीं दिया गया।
गौरतलब है कि अक्सर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या अन्य बड़े नेताओं के दौरों और जनसभाओं में कई बार सुरक्षा कारणों से काले रंग के वस्त्र, मफलर, टोपी और यहाँ तक कि काले मास्क या बैग ले जाने पर भी पूरी पाबंदी लगा दी जाती है। शनिवार को भोपाल के इस आयोजन में भी ऐसा ही हुआ। काले रंग के कपड़े पहनकर जाने वाले कई लोगों को प्रवेश नहीं मिल सका और हॉल में बैठी कई महिला शिक्षकों को भी बाहर जाने के लिए कह दिया गया।