
Biplab Kumar Deb on Rahul Gandhi- दो दिनों के लिए भोपाल आए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पर बड़ा हमला बोला है। इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी कांग्रेस से कई सवालों के जवाब मांगे। दोनों नेताओं का बयान ऐसे समय में आया है जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी मध्यप्रदेश के बालाघाट में बीमारी से मृत बच्चों के परिवार से मिलने पहुंचे थे।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बिप्लब कुमार देब गुरुवार को भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीडिया से बात कर रहे थे। इस दौरान प्रदेश सह-प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल भी संयुक्त रूप से मौजूद थे। इन नेताओं ने दो दिनों तक चली भोपाल में विभिन्न बैठकों के बारे में भी विस्तार से चर्चा की। इस दौरान नेताओं ने कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला।
प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब ने कहा कि राहुल गांधी आज बालाघाट में हैं, उनका स्वागत है। लेकिन, आदिवासी समाज के बीच जाकर उन्हें यह भी बताना चाहिए कि कांग्रेस के लंबे शासनकाल में आदिवासी क्षेत्रों के विकास और वहां की समस्याओं के समाधान के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए। देब ने कहा कि राहुल गांधी केवल भाजपा से सवाल न करें, कांग्रेस के शासनकाल का हिसाब भी जनता को दें। जिन समस्याओं को लेकर वे आज सवाल उठा रहे हैं, उनके समाधान के लिए कांग्रेस ने अपने लंबे शासनकाल में क्या किया, यह भी जनता के सामने स्पष्ट करें।
देब ने कहा कि भाजपा दिखावे की राजनीति नहीं, बल्कि निरंतर जनसेवा में विश्वास करती है। भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि हर समय जनता के बीच रहता है। बालाघाट में भी जनता स्वयं देख रही है कि कौन केवल राजनीतिक दौरे कर रहा है और कौन निरंतर जनता के बीच रहकर सेवा और विकास के लिए काम कर रहा है।
देब ने कहा कि भाजपा प्रदेश कार्यालय में दो दिनों तक संगठनात्मक विषयों पर व्यापक चर्चा हुई। प्रदेश के सभी पदाधिकारियों, विभागों एवं मोर्चों के प्रभारियों तथा मोर्चा अध्यक्षों के साथ भी सकारात्मक संवाद हुआ। देब ने कहा कि संगठन की मजबूती और सरकार के साथ बेहतर समन्वय बैठक का प्रमुख विषय रहा। प्रदेश अध्यक्ष से लेकर बूथ स्तर तक सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करें और जनता ने जो दायित्व दिया है, उसका पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करें।
मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि राहुल गांधी बालाघाट आ रहे हैं, उनका स्वागत है, लेकिन उन्हें बालाघाट के वर्तमान के साथ कांग्रेस शासनकाल के अतीत का भी जवाब देना चाहिए। राहुल गांधी बताएं कि बालाघाट में नक्सलवाद किसके शासनकाल में पनपा? कांग्रेस सरकार के दौरान तत्कालीन मंत्री लिखीराम कांवरे की नक्सलियों ने हत्या की, इसकी जिम्मेदारी से कांग्रेस कैसे बच सकती है? क्या राहुल गांधी कभी लिखीराम कांवरे के परिवार के साथ बैठे और उनकी पीड़ा को समझने का प्रयास किया? उन्हें इस सवाल का जवाब बालाघाट की जनता को देना चाहिए। कांग्रेस के शासनकाल में नक्सलवाद से निपटने के लिए क्या ठोस और प्रभावी कदम उठाए गए थे? राहुल गांधी इसका हिसाब जनता के सामने रखें।
खंडेलवाल ने आगे कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयासों से बालाघाट में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। भाजपा सरकार ने नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ बालाघाट के विकास को भी गति दी है। दूरस्थ क्षेत्रों में स्कूल, सड़क, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।
हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि राहुल गांधी केवल सवाल पूछने के लिए न आएं, कांग्रेस के शासनकाल का हिसाब देने भी आएं। बालाघाट की जनता जानना चाहती है कि कांग्रेस के शासन में नक्सलवाद क्यों पनपा और भाजपा सरकार ने उसे समाप्त करने के लिए क्या कदम उठाए?