
Datia Seat- निर्वाचन आयोग ने दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव का ऐलान कर दिया है। यहां मतदान 30 जुलाई को होगा और 3 अगस्त को परिणाम आएंगे। फिक्स्ड डिपॉजिट से जुड़े फर्जीवाड़े में दतिया से कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को दिल्ली कोर्ट से 3 साल की सजा मिलने के बाद यह सीट खाली हो गई थी। 2 अप्रेल को भारती की सदस्यता रद्द करने के 3 माह बाद गुरुवार को उपचुनाव के ऐलान के साथ ही भाजपा-कांग्रेस में हलचलें तेज हो गईं। हालांकि भाजपा से उम्मीदवारी तकरीबन तय है। पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को पार्टी मैदान में उतारने की तैयारी में है। इधर कांग्रेस में चेहरे पर असमंजस बना हुआ है। राजेंद्र भारती के पुत्र की दावेदारी ज्यादा मजबूत दिख रही है।
नरोत्तम मिश्रा बीजेपी के वरिष्ठ नेता हैं। बीते दिनों भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल व प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह की मुलाकात के बाद ही दतिया से उनकी उम्मीदवारी के संकेत मिल गए थे। राजेंद्र भारती की सदस्यता रद्द होते ही नरोत्तम भी क्षेत्र में सक्रिए हो गए थे।
पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की विधायकी जाने से सियासी रण में किसे उतारेगी, इस पर कांग्रेस में फिलहाल असमंजस की स्थिति है। हालांकि पूरे एपिसोड के दौरान राजेंद्र भारती ने अपने बेटे की एक माह पहले मई में ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात करवाई थी। ऐसे में संभावना है कि कांग्रेस भारती के पुत्र को मैदान में उतार सकती है।
दतिया सीट प्रदेश की हाई प्रोफाइल सीटों में रही है। यहां से पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा लगातार तीन चुनाव जीते। इसे भाजपा अभेद्य गढ़ मानती थी लेकिन 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को झटका लगा। कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने 7742 वोटों से नरोत्तम को हरा दिया। बता दें 2023 के चुनाव में पहले कांग्रेस ने दतिया से अवधेश नायक को टिकट दिया था लेकिन बाद में भारी विरोध के बाद नरोत्तम के धुर विरोधी भारती को मैदान में उतारा।
प्रकरण दतिया सहकारी ग्रामीण विकास बैंक से 1998 से जुड़ा है। यहां फिक्स्ड डिपॉजिट फर्जीवाड़ा सामने आया। आरोप है, बैंक रिकॉर्ड में फर्जीवाड़ा कर एफडी की अवधि 3 से बढ़ाकर 15 साल की गई। 1999 से 2011 के बीच बयाज की राशि निकाली गई। तब राजेंद्र भारती बैंक के अध्यक्ष थे। मामला खुला तो जांच हुई। मामले में दिल्ली एमपी-एमएलए कोर्ट ने 1 अप्रेल 2026 को भारती को 3 साल की सजा सुनाई। 2 अप्रेल को विधानसभा ने भारती की सदस्यता रद्द की।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा, भाजपा व चुनाव आयोग ने दतिया उपचुनाव की घोषणा की है। संविधान व लोकतंत्र अब भाजपा के लिए सिर्फ शब्द रह गए हैं। लगता है, चुनाव आयोग ने संविधान की नहीं, संघ की किताब की शपथ ली है। हम डरेंगे नहीं, भाजपा व आयोग को दतिया की जनता सबक सिखाएगी। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा, जनता ने कांग्रेस को चुना था। भाजपा व आयोग के षड्यंत्र से सदस्यता रद्द की गई। जनता फिर कांग्रेस पर भरोसा जताएगी।
अधिसूचना: 6 जुलाई
नामांकन: 13 जुलाई तक
जांच: 14 जुलाई
नाम वापसी: 16 जुलाई
मतदान: 30 जुलाई
मतगणना: 3 अगस्त