भोपाल

भाजपा अटल के भाषणों से खत्म करेगी एंटी इंकमबेंसी !

भोपाल में आज और उसके बाद 23 हज़ार पंचायतों में होगी अटल की श्रद्धांजलि सभाएं , बुधवार को 10 अस्थिकलश आएंगे भोपाल...

2 min read
Aug 21, 2018
memories of atal ji
अटल के भाषणों

भोपाल@अरुण तिवारी की रिपोर्ट...

भाजपा अब मध्यप्रदेश का विधानसभा चुनाव पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के चेहरे पर ही लडऩे जा रही है। अटल के प्रति लोगों के आदर को देखते हुए भाजपा को भरोसा है कि उनके भाषणों से एंटी इन्कमबेंसी को खत्म किया जा सकता है।

हर मंच पर अटल की बड़ी तस्वीर होगी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का भाषण उनसे ही शुरु होगा। भाजपा ने इस संबंध में अपनी रणनीति तैयार कर ली है। प्रदेश की सभी २३ हजार ग्राम पंचायतों और शहरों के हर वार्ड में श्रद्धाजलि सभाएं होंगी।

भाजपा ने 21 से लेकर 30 अगस्त तक प्रदेश भर में श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित करने की सूचना जारी कर दी है। मंगलवार को राजधानी के लाल परेड मैदान पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी, 22 से 25 अगस्त तक जिला व मंडल मुख्यालयों पर श्रद्धांजलि सभाएं होंगी, 25 से 30 अगस्त तक ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर पर श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने भाजपा कार्यालय में मीडिया से चर्चा में ये जानकारी दी।

दस प्रमुख नदियों में विसर्जित होंगी अस्थियां

अटलजी की अस्थियां प्रदेश की दस प्रमुख नदियों में विसर्जित की जाएंगी। विभिन्न नदियों के लिए अलग-अलग अस्थि कलश यात्राएं 23 अगस्त को सुबह 8 बजे प्रदेश कार्यालय से एक साथ रवाना होंगी। सिर्फ चंबल नदी को जाने वाली अस्थि कलश यात्रा ग्वालियर से प्रारंभ होगी।

अलग-अलग नदियों के लिए जाने वाली अस्थि कलश यात्राएं किस रूट होकर जाएंगी और कौन-कौन नेता अस्थि कलश लेकर जाएंगे, यह भी तय हो गया है।

नर्मदा नदी,होशंगाबाद - अस्थि विसर्जन के लिए जाने वाली यात्रा में सीएम और प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह शामिल होंगे। - पार्वती नदी,चाचौड़ा - लोक निर्माण मंत्री रामपाल सिंह, सांसद मनोहर उंटवाल, पंकज जोशी विसर्जित करेंगे।

क्षिप्रा नदी, उज्जैन- इस यात्रा में केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत, मंत्री पारस जैन, सुदर्शन गुप्ता और बंशीलाल गुर्जर शामिल होंगे।

ताप्ती नदी, बुरहानपुर- पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद नंदकुमार सिंह चौहान, मंत्री अर्चना चिटनीस और अंतरसिंह आर्य व जीतू जिराती अस्थि कलश विसर्जित करेंगे।

सोन नदी, रीवा - इस यात्रा में मंत्री राजेन्द्र शुक्ला, अजयप्रताप सिंह, पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह, शरतेन्दु तिवारी शामिल होंगे।

बेतवा नदी, ओरछा - इस यात्रा में केन्द्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार, मंत्री गोपाल भार्गव, भूपेंद्र सिंह, सांसद प्रहलाद पटेल, प्रदीप लारिया और दशरथ सिंह शामिल होंगे।

पेंच नदी, छिंदवाड़ा - इस यात्रा में मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे, शरद जैन और कन्हाईराम रघुवंशी, वीरेन्द्र फौजदार शामिल होकर अस्थि विसर्जन करेंगे।

सिंध नदी, दतिया - इस यात्रा में अस्थि कलश लेकर मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, लालसिंह आर्य, रूस्तम सिंह समेत अरविन्द भदौरिया व विष्णुदत्त शर्मा चलेंगे।

केन नदी, पन्ना - मंत्री सुरेन्द्र पटवा, सांसद कैलाश सोनी, सदानंद गोडबोले, शशांक श्रीवास्तव, बृजेन्द्रप्रताप सिंह अस्थि विसर्जन करेंगे।

श्रद्धांजलि सभा में शामिल होगी कांग्रेस

अटल की श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेस के नेता भी शामिल होंगे। पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि अटलजी सर्वमान्य नेता थे और दलगत राजनीति से उपर थे इसलिए कांग्रेस के नेता भी उनको श्रद्धांजलि देने लाल परेड मैदान पहुंचेंगे।

Updated on:
21 Aug 2018 12:45 pm
Published on:
21 Aug 2018 12:43 pm