भोपाल

उपचुनाव से पहले भाजपा को बड़ा झटका, मंत्री स्तर का नेता कांग्रेस में शामिल

उपचुनाव से पहले दल बदलने का दौर जारी, भाजपा के पूर्व मंत्री कन्हैयालाल अग्रवाल भी कांग्रेस में शामिल...।
2 min read
• •
Updated: 23 Jul 2020, 1:40 PM IST
scindia.jpg
‪Kanhaiyalal agrawal

भोपाल। मध्यप्रदेश की 26 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव से पहले दल बदलने का दौर जारी है। शुक्रवार को एक और भाजपा नेता ने कांग्रेस ज्वाइन कर ली। पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलवाई। इसी के साथ भाजपा का बड़ा झटका देते हुए कांग्रेस ने अब सिंधिया के गढ़ में सेंध लगाने की तैयारी कर ली है।

गुना जिले की बमोरी सीट से भाजपा विधायक रहे कन्हैयालाल अग्रवाल ने शुक्रवार को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। शिवराज सरकार में पूर्व मंत्री रह चुके अग्रवाल के कांग्रेस में जाने से भाजपा को तगड़ा झटका लगा है। माना जा रहा है कि सिंधिया के गढ़ में सेंध लगाने में कांग्रेस मजबूत होगी। अग्रवाल का अब गुना जिले से कांग्रेस का टिकट मिलना तय माना जा रहा है। यदि उन्हें टिकट मिलता है तो वे भाजपा में शामिल हुए महेंद्र सिंह सिसोदिया के सामने चुनाव लड़ेंगे। सिसोदिया फिलहाल शिवराज सरकार में मंत्री हैं।

भाजपा में रहते हुए कन्हैयालाल अग्रवाल पहले ही दरकिनार चल रहे थे। पिछले माह भी कांग्रेस गुना जिले में सेंध लगाने की प्लानिंग कर रही थी। क्योंकि भाजपा की तरफ से सिंधिया समर्थक महेंद्र सिंह सिसोदिया बमोरी विधानसभा से चुनाव लड़ सकते हैं। ऐसी स्थिति में कांग्रेस ने भी बमोरी से पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता कन्हैयालाल अग्रवाल को कांग्रेस में शामिल कर लिया।

माना जा रहा है कि अग्रवाल को बमोरी विधानसभा से चुनाव लड़ाया जा सकता है। कांग्रेस ज्वाइन करने के बाद कन्हैयालाल अग्रवाल ने कहा कि 2013 का चुनाव मुझे सुनियोजिक ढंग से हराया गया था। भाजपा छोड़ने के बाद लंबे समय से कन्हैयालाल अग्रवाल कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह के संपर्क में थे।

कौन है कन्हैयालाल अग्रवाल

कन्हैयालाल अग्रवाल का जन्म 28 अगस्त 1948 को गुना में हुआ था। रामेश्वर दयाल अग्रवाल के पुत्र कन्हैयालाल बी.ई.(मैकेनिकल) शिक्षित है। व्यवसाय कृषि है। कन्हैयालाल अग्रवाल विद्यालयीन छात्र संघ के सचिव एवं अभियांत्रिकी महाविद्यालय की छात्र परिषद के अध्यक्ष रहे हैं।
-वर्ष 1988 से 1998 तक आप जनता दल गुना के जिलाध्यक्ष एवं अन्य पदों पर कार्यरत रहे।
-अग्रवाल ट्रस्ट, गुना के अध्यक्ष एवं कई संस्थाओं के ट्रस्टी भी हैं।
-वर्ष 2003 में पहली बार गुना से विधायक बने। वर्ष 2008 में हुए विधानसभा निर्वाचन में पुन: विधानसभा सदस्य निर्वाचित हुए।
-अग्रवाल को 20 दिसंबर 2008 को शिवराज सिंह चौहान मंत्रिमंडल में राज्यमंत्री बनाया गया था।

Published on: