
Rajya Sabha Elections 2026: मध्यप्रदेश में रविवार रात राज्यसभा के लिए अपने तीसरे उम्मीदवार की घोषणा की। सोमवार दोपहर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी के तीसरे प्रत्याशी महेश केवट का नामांकन पत्र जमा कराया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस चुनाव में जीत के लिए हम संकल्पित हैं। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन भरने की आज अंतिम तारीख है। इसके बाद 18 जून को प्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होगा। बता दें कि, भाजपा ने अपने दो प्रत्याशी पहले ही घोषित कर दिए थे। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और पंजाब की पृस्ठभूमि से आने वाले तरुण चुघ और भोपाल के रजनीश अग्रवाल का नाम घोषित किया था।
महेश केवट का नामांकन दाखिल होने के बाद सीएम मोहन यादव ने मीडिया से कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पार्लियामेंट्री बोर्ड द्वारा राज्यसभा चुनाव में तीसरे प्रत्याशी के रूप में महेश केवट का चयन किया गया है। उन्होंने आज नामांकन फॉर्म जमा कराया है। सीएम नई आगे कहा कि हम इस संकल्प के साथ चल रहे हैं कि हम तीनों राज्यसभा की सीटों पर निर्वाचित होकर रहेंगे। सीएम डॉ. यादव ने कहा कि महेश केवट बचपन से स्वयं सेवक रहे हैं, विद्यार्थी परिषद-युवा मोर्चा में रहे हैं, संघ में कई उत्तरदायित्वों का निर्वहन किया है।
भाजपा के उम्मीदवार महेश केवट अभी मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष थे। राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद महेश केवट ने मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पद से कल ही इस्तीफा दे दिया। शासन ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। वे लंबे समय से संघ की विचारधारा से जुड़े हुए हैं। सीएम हाउस में सीएम डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने बैठक में राज्यसभा की तीसरी सीट जीतने के लिए रणनीति भी बनाई। सोमवार को सीएम मोहन यादव और प्रदेशध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मौजूदगी में महेश केवट ने नामांकन भी दाखिल कर दिया है।
तरुण चुग (Tarun Chugh): भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग को इस बार मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेजने का निर्णय हुआ है। संगठनात्मक कार्यों में लंबा अनुभव रखने वाले चुग पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय चेहरों में से एक माने जाते हैं। अमृतसर के तरुण चुग भाजपा में लंबे समय से महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। पंजाब से आने वाले चुग को बीजेपी नेतृत्व का करीबी और रणनीतिकार माना जाता है। कई राज्यों में संगठन को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका रही है। मध्यप्रदेश की गतिविधियों में भी वे अक्सर सक्रिय नजर आए हैं।
रजनीश अग्रवाल (Rajneesh Agrawal): मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश मंत्री और प्रखर प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल को भी इनाम मिल गया है। लंबे समय से राज्य की राजनीति और मीडिया में सक्रिय रहे अग्रवाल को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाकर भाजपा ने भोपाल की स्थानीय संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया है।