भोपाल

भाजपा के दिग्गज नेता का बड़ा बयान, बोले- प्रत्याशियों के कारण हारे उपचुनाव

त्रिपुरा में भाजपा की धमाकेदार जीत और मध्यप्रदेश में उपचुनाव हार पर भाजपा नेता का बड़ा बयान, प्रत्याशियों को ठहराया कमजोर कड़ी...।
2 min read
Mar 03, 2018
bjp tripura election news in hindi
bjp tripura election news in hindi


भोपाल। मध्यप्रदेश में हाल ही में हुए मुंगावली और कोलारस चुनाव में भाजपा की हार का ठीकरा अब भाजपा के प्रत्याशियों के ऊपर फोड़ दिया गया है। इस उपचुनाव में पार्टी ही नहीं दिग्गजों ने अपनी प्रतिष्ठा दांव पर लगा दी थी। लोग प्रत्याशियों को देखकर नहीं पार्टी और उसके दिग्गजों को देखकर मत डाल रहे थे।


भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रघुनंदन शर्मा ने शनिवार को कहा कि आज त्रिपुरा में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर कम्युनिस्ट का गढ़ ढहा दिया है।


शर्मा ने कहा कि त्रिपुरा में भाजपा ने जीत दर्ज की है, तो फिर मुंगावली और कोलारस में कैसे हार गए। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी चयन में गलती हुई है।

सावधान करने वाले है यह उपचुनाव
शर्मा ने मुंगावली-कोलारस में हुई भाजपा की हार पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि इन दोनों ही चुनावों में व्यक्ति की हार हुई है, पार्टी की नहीं। यह व्यक्ति की हार है। यह उपचुनाव सावधान करने वाले हैं। हमारे लिए यह चिंतन का समय है।

मुख्यमंत्री कल मुंगावली क्षेत्र में जाएंगे
इस बीच मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को मुंगावली विधानसभा क्षेत्र के ढोंडिया और गुनहेरु गांव जाएंगे। वे दोपहर 11 बजे ढोंडिया और दोपहर एक बजे गुनहेरु पहुंचेगे। दोनों ही स्थानों पर मुख्यमंत्री धन्यवाद सभा और हितग्राही सम्मेलनों को संबोधित करेंगे।

भाजपा कार्यालय में त्रिपुरा की जीत पर जश्न
राजधानी भोपाल स्थिति भाजपा के प्रदेश कार्यालय पर थोड़ी देर में भाजपा त्रिपुरा और नागालैंड विधानसभा में भाजपा की भारी जीत का जश्न मनाया जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र नाथ सिंह, सांसद आलोक संजर समेत अनेक पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

चुनाव से फुर्सत मिले तो किसानों पर ध्यान दें
इधर, कांग्रेस के दिग्गज नेता कमल नाथ ने ट्वीट कर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अब सरकार को चुनाव से फुर्सत मिल गई हो तो किसानों की सुध ली जाए, क्योंकि परेशान किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। नाथ ने कहा कि मुंगावली और कोलारस में मुख्यमंत्री समेत सरकार के डेढ़ दर्जन मंत्री 35 से अधिक विधायक और बड़े पार्टी नेता क्षेत्र में डेरा डाले रहे।फिर भी सत्तारूढ़ दल भाजपा को हार का सामना करना पड़ा।

Published on:
03 Mar 2018 04:30 pm