खस्ताहाल सड़क पर भरा था पानी....
सीहोर/इछावर@सुनील शर्मा की रिपोर्ट...
अब तक नदी, तालाब आदि में नाव चलते तो देखा आप सभी ने होगा, लेकिन क्या आपने कभी सड़क पर नाव चलते देखी है। नहीं न, हम किसी ऐसी वैसी नाव की बात नहीं कर रहे हैं, असली नाव वो भी जो बीच सड़क पर विधायक द्वारा चलाई जा रही हो। जी हां ऐसा ही एक मामला मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के पास स्थित सीहोर जिले से सामने आया है, जहां शनिवार को यह अजीब नजारा देखने को मिला।
दरअसल यहां कि खस्ताहाल सड़क पर भरे पानी में इछावर विधायक शैलेंद्र पटेल ने नाव चलाई। वहीं समस्या दूर नहीं होने पर मुख्यमंत्री व लोक निर्माण मंत्री से संबंधित पत्र को जिला प्रशासन को सौंपा। इसमें नियमित नाव चलाने की बात कहीं गई।
जानकारी के अनुसार अमलाहा से भाऊखेड़ी जाने वाली करीब 17 किमी सड़क पूरी तरह से उधड़कर गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। इससे आवाजाही करना किसी खतरे से खाली नहीं है। वाहन चालक इस मार्ग से निकलते हैं, तो उनमें भय का माहौल बना रहता है। वहीं इसके बावजूद परेशानी के बीच सफर करना पड़ता है।
वहीं ऐसे में अब जब बारिश का मौसम शुरू हो गया तो कई जगह बड़े गड्ढों में पानी भरने से यह सड़क मिनी तलैया का रूप ले चुकी हैं। इसके कारण बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। ऐसे में इससे वाहन ले जाना और खतरनाक हो गया है। क्योंकि पानी में पता ही नहीं चलता कि कहां बड़ा गड्ढा है, जिसके कारण यहां दुघर्टना का भय बना रहता है।
विधानसभा में रखी थी बात...
विधायक पटेल ने बताया कि दो साल पहले ध्यानाकर्षण के दौरान इस सड़क के निर्माण को लेकर अपनी बात विधानसभा में रखी थी। वहीं याचिका दायर भी की थी।
इतना सब कुछ करने के बाद भी प्रदेश सरकार ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। जबकि यहीं सड़क विधानसभा की लाइफ लाइन मानी जाती है। इससे हजारों लोगों का हर रोज आना जाना होता है।
कांग्रेस नेता अभय कुमार मेहता ने बताया की कांग्रेस सरकार के समय अमलाहा से भाऊखेड़ी मार्ग का नाबार्ड ने निर्माण कराया था। इसके बाद मार्ग का नवीन निर्माण कार्य नहीं किया गया है।
नाव का लिया सहारा...
जब कई बार कोशिश करने के बावजूद सड़क में सुधार नहीं हुआ तो समस्या के निराकरण के लिए विधायक ने खस्ताहाल मार्ग पर भरे पानी में नाव चलाकर अनोखा विरोध जताया। इसके माध्यम से पक्की सड़क की मांग की।
वहीं समस्या दूर नहीं होने पर ऐसे ही नाव का सहारा लेने कलेक्ट्रेट पहुंचकर नाव चलाने की मांग भी की गई है। इस अवसर पर ओमदीप राठौर, जफर लाला, लखन पटेल, राम नारायण परमार, मनोज परमार, आशीष गहलोत, ईश्वर सिंह ठाकु र, रवि प्रताप सिंह, नारायण सिंह, असलम खान, जितेंद्र सिंह, सुनील वर्मा, राधेश्याम वर्मा, जीवन पटेल विनोद वर्मा, सुरेश वर्मा, देवराज पटेल बृजेश पटेल आदि मौजूद रहे।