भोपाल

2 करोड़ का मकान हड़पने भाइयों ने की भोपाल में बुजुर्ग दंपती की हत्या, जाने भरोसा जीतने से खून बहाने तक का सच

Elder Couple Murder Case Bhopal : भोपाल पुलिस ने सुदामा नगर में बुजुर्ग दंपती हेमंत-शकुंतला बारीक की 20 दिन पहले हुई हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। दंपती भाइयों ने प्रॉपर्टी के लालच में दोनों की गोली मारकर हत्या की थी।
3 min read
Elder Couple Murder Case Bhopal
Elder Couple Murder Case Bhopal (भाई निकले दंपती के कातिल Photo Source- Patrika)

Bhopal News :मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के ऐशबाग थाना इलाके की सुदामा नगर कॉलोनी में बुजुर्ग दंपती हेमंत और शकुंतला बारीक की 20 दिन पहले हुई हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। दंपती के परिचित कजलीखेड़ा के प्रॉपर्टी ब्रोकर भाइयों ने गोली मारकर हत्या की थी। प्रॉपर्टी ब्रोकर 40 वर्षीय श्रीकांत चिंचलिया और भाई फिजियोथैरेपिस्ट 35 वर्षीय शशिकांत चिंचलिया को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी श्रीकांत शाहपुरा थाने का निगरानीशुदा बदमाश है। उस पर लूट, मारपीट और धोखाधड़ी के 8 केस दर्ज हैं।

दोनों आरोपी बारीक दंपती का 2 करोड़ का मकान हड़पना चाहते थे। उन्होंने मकान का फर्जी दान पत्र बनवाया। इस पर धोखे से दंपती के हस्ताक्षर भी करा लिए। दोनों निंश्चित थे कि, उनकी स्वाभाविक मौत के बाद मकान उनका हो जाएगा। लेकिन, ऐन वक्त पर दंपती ने मकान बेचने का मन बना लिया। सौदा भी कर लिया, तब आरोपियों को प्लान फेल होता नजर आया। दोनों ने 24 जून की रात 9.30 बजे दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी। महज 12 मिनट में सुदामा नगर से पैदल निकले और आगे खड़ी कार में सवार होकर भाग निकले। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल आरोपियों की कार भी जब्त कर ली है।

आरोपियों की चाल से की गई पहचान

शातिर हत्यारों को ढूंढने के लिए पुलिस की 20 टीमें लगी थीं। 1500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। 100 से ज्यादा संदिग्धों से पूछताछ की गई। कॉल डिटेल, लोकेशन, बैंक ट्रांजेक्शन, डिजिटल साक्ष्य जुटाए और दोनों हत्यारों तक पहुंचने में सफलता हासिल की। इसके बाद फुटेज में दिखी दोनों की चाल के अनुसार, उन्हें चलवाया तो शिनाख्त भी हो गई। दोनों आरोपियों पर पुलिस ने 50 हजार रुपए का इनाम भी रखा था।

भरोसा जीतने से खून बहाने तक की पूरी कहानी ऐसी..

Elder Couple Murder Case Bhopal (भाई निकले दंपती के कातिल Photo Source- Patrika)

1-दो साल में भरोसा जीता

भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने इस हाईप्रोफाइल हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि, रेलवे से रिटायर्ड हेमंत बारीक और कस्तूरबा अस्पताल की रिटायर्ड नर्स से दोनों आरोपी दो साल से करीब थे। वे उनकी संपत्तियों की खरीद-फरोख्त का काम देखने लगे। कई बार उन्हें लोन भी दिलाए।

2-धोखे से बनाया दानपत्र

2024 में दंपती का इटारसी में प्लॉट आरोपियों ने बिकवा दिया। इसके एवज में श्रीकांत को बारीक दंपती ने 1.50 लाख रुपए कमीशन दिया। इसी बीच दस्तावेज बनवाते समय प्रॉपर्टी डीलर ने धोखे से दान पत्र बनवा लिया। इसमें लिखा था कि, दंपती की मृत्यु के बाद सुदामा नगर की 2 करोड़ की संपत्ति दोनों आरोपियों के नाम हो जाएगी। इसके बाद से दंपती के घर दोनों भाइयों की आवाजाही बढ़ गई।

3-प्लान फेल होता देख की हत्या

फर्जी दान पत्र से आरोपियों को भरोसा था कि, बुजुर्ग दंपती की मौत के बाद उन्हें पूरी संपत्ति मिलेगी। लेकिन, कुछ दिन पहले ही दंपती ने सुदामा नगर का मकान बेचने का फैसला कर लिया। 2 करोड़ में सौदा भी हो गया। अपना प्लान फेल होते देख आरोपियों ने दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी।

भाभी शिवानी भी संदिग्ध

Elder Couple Murder Case Bhopal (भाई निकले दंपती के कातिल, भाभी की भूमिका संदिग्ध Photo Source- Patrika)

जांच में मृतका शकुंतला के भाई विनोद की पत्नी शिवानी की भूमिका भी संदिग्ध है। पुलिस ने बताया, शिवानी पर 20 लाख रुपए का कर्ज है। हत्या से कुछ दिन पहले उसके खाते में 6 लाख रुपए ट्रांसफर हुए थे। वो आरोपियों से संपर्क में भी थी। पुलिस ने बताया, संपत्ति के दस्तावेज में विनोद नॉमिनी है। ऐसे में परिवार के अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है।

Updated on:
16 Jul 2026 07:13 am
Published on:
16 Jul 2026 07:13 am