
भोपाल/ थेंक्स गीविंग सनडे के साथ ही ईसाई समाज ने क्रिसमस की तैयारियां शुरू कर दी है। क्रिसमस पर्व के उपलक्ष्य में प्रोटेस्टंट और कैथोलिक चर्चों के कार्यक्रम तय हो चुके हैं। क्रिसमस पर्व के पहले समाज के लोग गरीब, जरुरतमंद, बेसहारा लोगों के बीच क्रिसमस की खुशियां बांटेगे। प्रोटेस्टंट चर्चों के प्रतिनिधियों द्वारा वृद्धाश्रम, कुष्ठ आश्रम, अनाथालय, स्लम बस्तियों में लोगों को भोजन कराया जाएगा और जरुरत का सामान उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं लोगों को कई प्रेरक संदेश भी दिए जाएंगे।
जरुरतमंदों के बीच जाकर करेंगे सेवा कार्य
प्रोटेस्टंट चर्च के रेव्ह अनिल मार्टिन ने बताया कि क्रिसमस के लिए कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हो गया है, जो लगातार क्रिसमस पर्व तक चलेगा। इसके तहत कई सेवा कार्य भी किए जाएंगे। इसमें ८ दिसम्बर को नेहरू नगर स्थित आश्रम में दिव्यांग बच्चों को उनकी जरुरत का सामान वितरित किया जाएगा और उनके साथ क्रिसमस सेलीब्रेट करेंगे। इसीप्रकार १५ दिसम्बर को आसरा वृद्धाश्रम में वृद्धजनों को भोजन कराया जाएगा और उनके साथ क्रिसमस की खुशियां बांटेंगे। इसी प्राकर १७ दिसम्बर को गांधी नगर स्थित कुष्ठ आश्रम में कंबल वितरण और भोजन का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार अन्ना नगर और विकास नगर बस्ती में भी भोजन और कपड़े का वितरण किया जाएगा।
लोगों को देंगे पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कैथोलिक चर्चों के प्रतिनिधियों द्वारा भी क्रिसमस के पूर्व समाज के लोगों को प्रेरक संदेश दिए जाएंगे। आर्च डायसिस के फादर मारिया स्टीफन ने बताया कि इस बार हमने पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों की जागरुकता बढ़ाने के लिए कार्यक्रम तय किए है। इसके तहत क्रिसमस के पूर्व प्लास्टिक मुक्त के लिए रैली निकाली जाएगी, लोगों को जागरुक किया जाएगा। क्रिसमस के सीजन में सभी कैथोलिक ईसाई परिवारों से अपील की है कि जिनके पास स्थान उपलब्ध है, वे अपने परिसर में एक पौधा अवश्य लगाएंगे, इसके अलावा पटाखे नहीं चलाएंगे, ताकि पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सके। प्लास्टिक मुक्त भोपाल का संदेश देने के लिए मिशनरी स्कूली बच्चों के साथ एक मुहिम चलाई जाएगी, इसमें प्लास्टिक से बने पदार्थों के दुष्प्रभाव के बारे में जानकारी दी जाएगी, साथ ही रैलिया और कार्यशालाएं भी आयोजित होगी।