
Twisha case - नोएडा की रहनेवाली फिल्म एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा की डेथ मिस्ट्री पर सभी की नजरें लगी हैं। देशभर में सुर्खियों में रहे इस मामले की जांच केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआइ कर रही है। जांच अधिकारी मामले को सुलझाने में लगे हैं। ट्विशा शर्मा केस के सभी आरोपियों और गवाहों के बयानों तथा साक्ष्यों की कडिय़ों को जोडा जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, अभी भी कुछ प्रश्न अनुत्तरित हैं, जिनके जवाब तलाशे जा रहे हैं। जरूरत पड़ने पर ट्विशा शर्मा के आरोपी पति समर्थ सिंह और सास पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह से भी पूछताछ की जा सकती है। सीबीआई सूत्रों के अनुसार अब इस केस में जल्द से जल्द चार्जशीट तैयार कर कोर्ट में पेश करने पर ही सबसे ज्यादा जोर दिया जा रहा है। बताया जा रहा है बमुश्किल 3 सप्ताह में यह काम कर लिया जाएगा। चार्जशीट के सामने आते ही ट्विशा शर्मा केस की सभी परतें भी खुल जाएंगी।
12 मई को देर रात ट्विशा शर्मा का शव संदिग्ध हालत में भोपाल के कटारा हिल्स स्थित उनके घर में मिला था। पति समर्थ सिंह और सास सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह ने इसे आत्महत्या का मामला बताया। उधर
ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने ससुरालवालों पर दहेज प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न और हत्या के आरोप लगाए। विवाद के बाद यह केस जांच के लिए सीबीआई को सौंपा गया।
केंद्रीय जांच एजेंसी की जांच में कई अहम तथ्य सामने आए लोकल पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठे। मुख्य सबूत (रस्सी/लिगेचर) को जब्त करने के बाद भी तत्काल नहीं सौंपने जैसी लापरवाही उजागर हुई।
ट्विशा मामले में अभी उनकी सास पूर्व जज गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह भोपाल केंद्रीय जेल में बंद हैं। दोनों पर दहेज मौत से संबंधित आरोप हैं। पूर्व जज गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह यहां न्यायिक अभिरक्षा में 16 जून तक रहेंगे।
सीबीआइ टीम को ट्विशा की दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी मिल गई है। दिल्ली एम्स की इस रिपोर्ट के निष्कर्षों की जांच अधिकारी पड़ताल कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि सीबीआई के सामने ट्विशा के शरीर में मिले चोटों के निशान और गर्भपात की गुत्थी सुलझाने की जबर्दस्त चुनौती है। सीबीआई को मामले की चार्जशीट भी कोर्ट में पेश करना है। ट्विशा केस में दोनों पक्षों के अलग अलग दावों की कडिय़ां जोडते हुए चार्जशीट तैयार की जा रही है। सूत्रों के अनुसार करीब 3 सप्ताह में इसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी चल रही है।