
भोपाल/ उपचुनाव से पहले मध्य प्रदेश की राजनीति में चीन की एंट्री हो गई है। मध्य प्रदेश की भाजपा और कांग्रेस के बीच चीन को लेकर घमासान छिड़ गया है। अब तक चीन के मुद्दे को लेकर कांग्रेस केन्द्र की मोदी सरकार को घेरने में जुटी हुई थी। अब भाजपा ने भी नया खुलासा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ को आड़े हाथों लेते हुए चीन की मदद करने का आरोप लगाया है। भाजपा का आरोप है कि, कमलनाथ ने केन्द्रीय वणिज्य मंत्री रहते हुए चीन की काफी मदद की है। इसी के चलते अब प्रदेशभर में जगह जगह रविवार को कमलनाथ के पुतले जलाने की तैयारी की जा रही है।
पढ़ें ये खास खबर- MP पुलिस की पहल : इस तरह जरूरतमंदों की जान बचा रहा है मिशन 'रक्तांजलि'
कमलनाथ पर देश और देशवासियों से गद्दारी का आरोप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त ने मीडिया बातचीत के दौरान कमलनाथ पर आरोप लगाते हुए कहा कि, जब वो केन्द्र में मंत्री थे, तब उन्होंने राजीव गांधी फाउंडेशन को चीनी मदद दिलाई। इसके लिए उन्होंने अपने अधिकारों का दुरुप्योग किया। उन्होंने ये भी आरोप लगाए कि, सिर्फ गांधी परिवार को इसका लाभ पहुंचाने के लिए कमलनाथ ने देश और देशवासियों के साथ गद्दारी की। उन्होंने कहा कि, अब भारतीय जनता पार्टी देश के ऐसे गद्दारों को देश के सामने बेनकाब करेगी। इसी के चलते रविवार 28 जून दोपहर 12 बजे भाजपा मध्य प्रदेश के हर मंडल में कमलनाथ का पुतला दहन करेगी।
15 महीनों तक प्रदेश की जनता से गद्दारी का आरोप
इसके अलावा बीजेपी नेता वीडी शर्मा ने ट्वीट करते हुए कहा कि, मध्य प्रदेश का दुर्भाग्य है कि, कमलानाथ जी मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे, उन्होंने 15 महीने तक प्रदेश की जनता के साथ गद्दारी की। शिवराज सरकार द्वारा चलाई गई प्रदेश की जनता के लिए जनहितकारी योजनाओं को बंद करके कमलनाथ सरकार 15 महीने सिर्फ ट्रांसफर उद्योग और भ्रष्टाचार करने में व्यस्त रही। पीपल्स रिपब्लिक ऑफ चीन ने राजीव गांधी फांउंडेशन को डोनेशन दी और भारत के वणिज्य मंत्री कमलनाथ ने कई वस्तुओं पर आयात शुल्क कम कर दिये। जिसका सीधा नुकसान देश के लघु एवं कुटीर उद्योगों पर पड़ा।
'देश में अब देशभक्तों की सरकार'- वीडी शर्मा
शर्मा ने यहां तक कहा कि, चीन के प्रति कांग्रेस की पुरानी वफादारी का नतीजा ही है कि, जब आज हमारे देश के सैनिक सरहद पर चीनी सैना को मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं, तो कांग्रेस इसपर सवाल उठा रही है। ऐसे बयान सेना का मनोबल तोड़ रहे होंगे। शर्मा ने कहा कि, कांग्रेस शायद ये नहीं जानती कि, आज भारत में देशभक्तों की सरकार है, जिन्हें सेना के पराक्रम पर गर्व है।