
NEET 2026- नीट रिएग्जाम NEET के लिए मध्यप्रदेश में 283 केंद्र बनाए गए हैं। 1.18 लाख से ज्यादा छात्र परीक्षा देंगे। चारों बड़े शहर भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में ज्यादा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से दो जगहों को ज्यादा संवेदनशील मानते हुए परीक्षा केंद्रोें पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। साइबर टीम अलर्ट हो चुकी है, प्रदेशभर में 44 साइबर कमांडो भी तैनात किए गए हैं। राज्य साइबर मुख्यालय की टेक्निकल सेल में अलग से टीम गठित की गई है।
भोपाल में शनिवार को मॉकड्रिल में अभ्यर्थियों की एंट्री प्रक्रिया, बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया। भोपाल के 32 केंद्रों पर 13774 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी निगरानी रखी जा रही है। केंद्रों पर प्रवेश से पहले आधार बेस्ड बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन, फेस रिकॉग्निशन और लाइव फोटो कैप्चर की प्रक्रिया होगी।
भोपाल में परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस, प्रशासन और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक इंतजाम किए हैं। हर एक परीक्षा केंद्र पर 8 से 10 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा कुल 400 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। वहीं साइबर पुलिस, एआइ निगरानी और लोकल जांच एजेंसी को एक दिन पहले से तैनात किया गया है।
एमपी के दो मुख्य शहरों, ग्वालियर और जबलपुर को कई लिहाज से संवेदनशील माना गया है। यहां के केंद्रों पर पुलिस- प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। सीसीटीवी कैमरे, डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर का इंतजाम किया गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया, परीक्षा सामग्री की सुरक्षा के लिए भारतीय सेना, वायुसेना, सीआरपीएफ और सीआइएसएफ की मदद ली गई है।
री-नीट के अभ्यर्थियों के लिए रेलवे ने भोपाल, इंदौर और रतलाम के बीच एक ट्रिप स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह विशेष ट्रेन 21 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए विभिन्न शहरों से भोपाल आने वाले छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने एवं घर वापसी में मदद करेगी।
सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया, भोपाल, विदिशा, नर्मदापुरम, गुना एवं अशोकनगर में बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आगमन की संभावना को देखते हुए संबंधित रेलवे स्टेशनों पर विशेष हेल्प बूथ स्थापित किए गए हैं। यहां परीक्षा केन्द्रों तक पहुंचने के मार्ग, स्थानीय परिवहन सुविधाओं, स्टेशन परिसर की आवश्यक जानकारियों तथा अन्य उपयोगी सूचनाओं के संबंध में सहायता मिलेगी। साथ ही रेलवे ने क्राउड मैनेजमेंट के लिए 100 से ज्यादा कर्मचारी तैनात किए हैं।