भोपाल

सीएम मोहन यादव का बड़ा एक्शन, 200 गाड़ियों के काफिले वाले सौभाग्य सिंह के अधिकार निरस्त

CM Mohan Yadav: 200 गाड़ियों का काफिला लेकर पदभार ग्रहण करने पहुंचे थे मध्यप्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के नव नियुक्त अध्यक्ष सौभाग्य सिंह, सीएम ने कारण बताओ नोटिस जारी कर अधिकार निरस्त किए।

2 min read
May 14, 2026
cm mohan yadav big action on saubhagya singh convoy

CM Mohan Yadav: मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव ने बड़ा एक्शन लेते हुए पीएम नरेन्द्र मोदी की अपील का पालन न करने वाले मध्यप्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के नव नियुक्त अध्यक्ष सौभाग्य सिंह के प्रशासनिक और वित्तीय अधिकार निरस्त कर दिए हैं। इसके साथ ही सौभाग्य सिंह को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। सौभाग्य सिंह पाठ्य पुस्तक निगम का अध्यक्ष बनाए जाने के बाद 200 गाड़ियों का काफिला लेकर पदभार ग्रहण करने के लिए पहुंचे थे।

ये भी पढ़ें

एमपी में ठेकेदार से पंचायत सचिव ने मांगी 1 लाख रुपये रिश्वत, EOW ने रंगेहाथों पकड़ा

सीएम मोहन यादव का सख्त एक्शन

मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि मीडिया रिपोर्ट्स और डिजिटल सोशल मीडिया माध्यमों से यह जानकारी संज्ञान में आई कि अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण करते समय 200 वाहनों की विशाल रैली निकाली गई। मुख्यमंत्री कार्यालय ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता माना है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि इस प्रकार की वाहन रैली न केवल राष्ट्रीय संसाधनों के अपव्यय को दर्शाती है, बल्कि सार्वजनिक पद पर रहते हुए अपेक्षित सादगी, जवाबदेही और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना के विपरीत भी है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा मामले के अंतिम निराकरण तक सौभाग्य सिंह के प्रशासनिक एवं वित्तीय अधिकार तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए हैं।

अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता

जारी आदेश के अनुसार सौभाग्य सिंह अब मध्यप्रदेश पाठ्यपुस्तक निगम के कार्यालय एवं परिसर में प्रवेश, निगम के वाहन, संसाधन एवं कर्मचारियों का उपयोग, निगम की बैठकों में भागीदारी अथवा अध्यक्षता, किसी भी प्रशासनिक एवं वित्तीय निर्णय में सहभागिता तथा कर्मचारियों को निर्देश जारी करने जैसे अधिकारों का उपयोग नहीं कर सकेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश सरकार सार्वजनिक जीवन में सादगी, जवाबदेही और अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है तथा शासन की गरिमा के विरुद्ध किसी भी प्रकार के आचरण को गंभीरता से लिया जाएगा।

बीजेपी नेता सौभाग्य सिंह ने दिखाया था 'भौकाल'

बता दें कि उज्जैन के भाजपा नेता सौभाग्य सिंह ठाकुर को मध्यप्रदेश पाठ्यपुस्तक निगम का अध्यक्ष बनाया गया है। सौभाग्य सिंह सोमवार को अपना पदभार ग्रहण करने के लिए उज्जैन से भोपाल पहुंचे थे। पदभार ग्रहण करने से पहले भाजपा नेता सौभाग्य सिंह ने जमकर अपना भौकाल दिखाया था और शक्ति प्रदर्शन किया था। वो करीब 200 गाड़ियों का काफिला लेकर उज्जैन से भोपाल पहुंचे थे और पदभार ग्रहण किया था। सौभाग्य सिंह ठाकुर के सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के कारण उज्जैन से लेकर भोपाल में जगह-जगह जाम की स्थिति बनी थी। सौभाग्य सिंह ठाकुर के काफिले में सैकड़ों गाड़ियों के होने के वीडियो तेजी से वायरल भी हुए थे।

ये भी पढ़ें

राजगढ़ में पापा से रूठकर घर के बाहर बैठी 3 साल की बच्ची को सांप ने काटा, नहीं बची जान
Published on:
14 May 2026 10:29 pm
Also Read
View All