Shambhudayal Guru- विभाग के संचालक के रूप में कई जिलों के गजेटियर तैयार कराने में अहम योगदान दिया
Shambhudayal Guru- मध्यप्रदेश शासन के एक पूर्व वरिष्ठ अधिकारी, जाने माने इतिहासकार और लेखक का निधन हो गया है। प्रदेश के गजेटियर विभाग के पूर्व संचालक व संपादक डॉ. शंभु दयाल गुरु का देहांत हुआ है। वे 96 वर्ष के थे। मध्यप्रदेश के गजेटियर विभाग के संचालक व संपादक के रूप में उन्होंने राज्य के अनेक जिलों के गजेटियर तैयार कराने में अहम योगदान दिया। डॉ. शंभु दयाल गुरु ने प्रदेश से संबंधित ऐतिहासिक अभिलेखों के संरक्षण का महत्वपूर्ण कार्य किया। उन्होंने अनेक पुराने ग्रंथ पुनर्प्रकाशित कराए। डॉ. शंभु दयाल गुरु के निधन पर प्रदेशभर के मीडियाकर्मियों, राजनेताओं ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
डॉ. शंभु दयाल गुरु मध्यप्रदेश शासन के सूचना तथा प्रशासन विभाग में जनसंपर्क अधिकारी के पद पर पदस्थ हुए थे। इस दौरान गोलघर स्थित सूचना विभाग का समाचार कक्ष उनका कार्यस्थल बना रहा। कुछ दिनों बाद डॉ. शंभु दयाल गुरु को मध्यप्रदेश शासन के गजेटियर विभाग में भेज दिया गया। यहां उन्होंने कई अहम कार्य किए।
संचालक-संपादक के रूप में डॉ. शंभु दयाल गुरु ने गजेटियर विभाग की छवि ही बदल डाली। विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों को सक्रिय करते हुए उन्हें बड़े कार्य करने के लिए प्रेरित किया। डॉ. शंभु दयाल गुरु ने रीवा, सीधी, शहडोल आदि जिलों के गजेटियर तैयार कराए। उनकी स्मरण शक्ति अद्भुत थी। 96 साल की उम्र में भी वे लेखक के रूप सक्रिय थे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डॉ. शंभुदयाल गुरु के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि डॉ. गुरु ने संचालक गजेटियर सहित अन्य महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। मध्यप्रदेश से संबंधित महत्वपूर्ण अभिलेखों के संरक्षण और पुराने ग्रंथों के पुनर्प्रकाशन के लिए उन्होंने विशेष योगदान दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वर्गीय डॉ. शंभुदयाल गुरु की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को उनके जाने का दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।