Indian Railways : भोपाल-धनबाद-चौपन एक्सप्रेस ट्रेन सप्ताह में 3 दिन सीधी-सिंगरौली तक, 3 दिन धनबाद तक और एक दिन चौपन तक जाएगी।
Indian Railways : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बीती शाम राजधानी भोपाल के मुख्य रेलवे स्टेशन से भोपाल-धनबाद-चौपन एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये ट्रेन सप्ताह में 3 दिन सीधी-सिंगरौली तक, 3 दिन धनबाद तक और एक दिन चौपन तक जाएगी। इस ट्रेन का रूट बीना-सागर-मुड़वारा होकर रहेगा।
ट्रेन को हरी झंडी दिखाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, मध्य प्रदेश को नई रेलों और रेल सुविधाओं की निरंतर सौगात मिल रही है। प्रदेश की राजधानी भोपाल से ऊर्जा राजधानी सिंगरौली तक हफ्ते के सातों दिन सीधी रेल सुविधा शुरु हो रही है जो प्रदेश समेत अन्य राज्यों के यात्रियों के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगी।
सीएम मोहन ने कहा कि, आज ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केन्द्रीय कैबिनेट जबलपुर-गोंदिया रेल लाइन के दोहरीकरण को मंजूरी मिली है। इससे पहले प्रदेश को इंदौर-मनमाड़ रेल लाइन समेत सिंहस्थ के दृष्टिगत अनेक सौगातें मिली हैं। वंदे भारत और मेट्रो ट्रेन की स्पीड भी बढ़ रही है। प्रदेश में विदेशों की तरह आधुनिक रेल सुविधाएं विकसित हो रही हैं। रेल बजट में भी 24 गुना अधिक बजट मिला है। 6 अमृत भारत स्टेशन कटनी साउथ, नर्मदापुरम ओरछा, सिवनी शाजापुर और श्रीधाम के पुनर्विकास का काम हो रहा है। प्रदेश के 80 स्टेशनों का कायाकल्प हो रहा है। करीब पौने तीन हजार करोड़ रूपए की लागत से आधुनिक सुविधाओं का लाभ यात्रियों को मिलेगा।
सीएम के अनुसार, केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज का दिन भी यादगार बना दिया। पीएम के नेतृत्व में प्रदेश के पिछड़े माने गए सीधी-सिंगरौली क्षेत्र को भोपाल से रोजाना की रेल कनेक्टिविटी का फायदा दिया है। ये ट्रेन सातों दिन चलेगी, भले गंतव्य 3 हों। ये युक्ति और बुद्धि का खेल ही नहीं, बल्कि भविष्य के विकास का नया रास्ता है। नई ट्रेन से राज्यों के पर्यटन विकास में सहयोग मिलेगा। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड के बीच सीधा संपर्क बनेगा। धनबाद तक जाने वाली त्रि-साप्ताहिक ट्रेन 30 स्टेशनों को और चौपन तक जाने वाली साप्ताहिक ट्रेन 15 प्रमुख स्टेशनों को जोड़ेगी। व्यापार, खनन और उद्योग क्षेत्र को नई गति मिलेगी।
वहीं, कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल हुए केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि, स्वतंत्रता के बाद से भोपाल से सीधी-सिंगरौली क्षेत्र तक रेल सुविधा की मांग चल रही थी। प्रदेश में रेल सुविधाओं का विस्तार जारी रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्यप्रदेश में रेल सुविधाएं बढ़ाने के लिए लगातार ध्यान आकर्षित करते हैं। आने वाले समय में प्रदेश की तीव्र औद्योगिक विकास में नई रेल सुविधाएं फायदेंद साबि होंगी, जहां 18 हजार करोड़ रूपए से अधिक लागत की इंदौर-मनमाड़ रेल लाइन अर्थव्यवस्था बदलेगी, वहीं 5200 करोड़ लागत से जबलपुर-गोदिंया रेल लाइन का दोहरीकरण कान्हा राष्ट्रीय उद्यान, धुआंधार जल प्रपात और अन्य स्थानों के पर्यटन महत्व में बढ़ोतरी करेगा। नागरिकों को समृद्धि का भरपूर लाभ मिलेगा।