
CM Mohan Yadav : मध्यप्रदेश में पिछले कुछ घंटे राजनैतिक रूप से गहमागहमी भरे रहे। बीजेपी की सरकार और संगठन में गजब की सक्रियता नजर आई। दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर लगातार सुर्खियों में बने प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा से बीजेपी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने मुलाकात की। पूर्व मंत्री से कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी मिले। इधर सीएम मोहन यादव दिनभर भोपाल में व्यस्त रहने के बाद शाम को दिल्ली पहुंच गए। उन्होंने अनेक केंद्रीय मंत्रियों के साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात की। इसके साथ ही प्रदेश भाजपा में संगठनात्मक बदलाव की अटकलें फिर तेज हो गईं। बता दें कि नरोत्तम मिश्रा, पार्टी में कुछ जिम्मेदारी चाह रहे हैं। हालांकि राष्ट्रीय नेतृत्व इसपर कोई निर्णय नहीं ले पा रहा है।
एमपी के सीएम मोहन यादव के लिए मंगलवार का दिन जबर्दस्त व्यस्तता भरा साबित हुआ। वे सुबह से देर रात तक सक्रिय रहे। सीएम मोहन यादव, सुबह अनेक कार्यक्रमों में शामिल हुए। दोपहर में कैबिनेट की मीटिंग की जहां अनेक अहम निर्णय लिए गए।
सीएम मोहन यादव शाम को दिल्ली पहुंच गए। यहां उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। दोनों नेताओं की मुलाकात भाजपा मुख्यालय में हुई। इस दौरान मप्र के संगठनात्मक कामकाज को लेकर चर्चा हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से सीएम मोहन यादव की इस मुलाकात से प्रदेश में राजनैतिक सरगर्मी बढ़ गई है। बीजेपी में संगठन में अहम जिम्मेदारियां दी जानी हैं। माना जा रहा है कि दोनों नेताओं ने इसपर विस्तार से चर्चा की। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और सीएम मोहन यादव के बीच मप्र भाजपा के सांगठनिक कामकाज और सरकार से समन्वय के साथ अन्य सियासी मुद्दों पर भी बातचीत हुई।
दिल्ली में सीएम मोहन यादव ने केंद्रीय उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से भी चर्चा की। गोयल से मप्र में नए निवेश और औद्योगिक जोन के विकास को लेकर चर्चा हुई। वहीं केंद्रीय मंत्री पाटिल से प्रदेश की जल शक्ति से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं पर बात हुई।
नई दिल्ली में पार्टी नेताओं और मंत्रियों से मुलाकात के संबंध में सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया में भी जानकारी दी।
अपने एक्स हेंडल पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की तस्वीर भी साझा की। हालांकि चर्चा का ब्यौरा देते हुए बेहद संतुलित टिप्पणी की। सीएम मोहन यादव ने अपने एक्स हेंडल पर लिखा:
आज नई दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय में @BJP4India के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @NitinNabin जी से सौजन्य भेंट कर समसामयिक विषयों पर चर्चा की।