भोपाल

एमपी में संभावित विस्तार से पहले सीएम मोहन यादव ने मंत्रियों को किया तलब, बढ़ी परेशानी

CM Mohan Yadav-ढाई साल पूरे होने पर मंत्रियों की क्लास लेंगे मुख्यमंत्री मोहन यादव, नवाचार पर बढ़ेंगे अंक

2 min read
May 05, 2026
CM Mohan Yadav

CM Mohan Yadav- एमपी में लंबे अर्से से मंत्रि-मंडल विस्तार की अटकलें लगाई जा रही हैं। इन चर्चाओं के बीच प्रदेश के मंत्रियों को कड़ी परीक्षा से गुजरना होगा। अपनी सरकार के ढाई साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री मोहन यादव उनकी क्लास लेंगे। सभी मंत्रियों को अपने विभागों से संबंधित प्रेजेंटेशन देना होगा। इसके लिए सीएम मोहन यादव ने उन्हें विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तलब किया है। मंगलवार को कैबिनेट की बैठक के पहले मंत्रि-परिषद को संबोधित करते हुए मंत्रियों को इसके स्पष्ट निर्देश दिए गए।

मंत्रियों को अपने विभाग और अपने प्रभार के जिले की उपलब्धियां, नवाचार, आगे की कार्य योजना तथा चुनौतियों के बारे में जानकारी देना होगा

ये भी पढ़ें

मैं आज नेता नहीं… केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया भावुक ट्वीट

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रियों से कहा कि राज्य सरकार का ढाई वर्ष का कार्यकाल पूर्ण हो रहा है। ऐसे में मंत्री और विभागीय अधिकारियों के साथ चर्चा का कार्यक्रम निर्धारित किया जा रहा है। 8 मई से 10 मई के बीच विभागवार बैठकें होंगी। इसमें मंत्रियों को अपने विभाग और अपने प्रभार के जिले की उपलब्धियां, नवाचार, आगे की कार्य योजना तथा चुनौतियों के बारे में जानकारी देना होगा।

मंत्रियों को अपने प्रभार वाले जिलों में जिला विकास समितियों की बैठक 12 मई के पहले अनिवार्य रूप से आयोजित करने के भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य शासन द्वारा प्रदेश के विभिन्न निगम, मंडलों में अशासकीय नियुक्तियां एवं नामांकन किए गए हैं। अपने-अपने विभाग में मंत्री इन सभी का मार्गदर्शन करें।

मंत्रियों के साथ ही विभागों के एसीएस, पीएस और सचिवों की भी कड़ी परीक्षा

बता दें कि राज्य की मोहन यादव सरकार 13 मई को अपने कार्यकाल के ढाई साल पूरे कर रही है। प्रदेश में मंत्रि-मंडल मेें विस्तार भी संभावित है। ऐसे में सीएम मोहन यादव द्वारा समीक्षा बैठक बुलाने से कई मंत्रियों की परेशानी बढ़ गई है। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों की समीक्षा बैठक की डेडलाइन भी तय कर दी हैं। खास बात यह है कि मंत्रियों के साथ ही विभागों के एसीएस, पीएस और सचिवों की भी कड़ी परीक्षा होगी। हालांकि अच्छे प्रदर्शन पर सभी के अंक बढ़ना भी तय है।

नवाचार, आमजन की मदद करने वाले मंत्रियों के अंक बढ़ेंगे

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी मंत्रियों से कहा है कि वे पहले अपने विभागों के कामकाज की समीक्षा कर लें, उसके बाद वे स्वयं समीक्षा करेंगे। नवाचार, आमजन की मदद करने वाले मंत्रियों के अंक बढ़ेंगे। प्रदेश में मंत्री मंडल के संभावित विस्तार के पहले होने वाली इन समीक्षा बैठकों को बेहद अहम माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें

भोपाल से गुजरने वाली 24 ट्रेनों को किया डायवर्ट, 30 अप्रेल तक बढ़ी यात्रियों की मुश्किलें
Published on:
05 May 2026 07:43 pm
Also Read
View All