भोपाल

सीएम मोहन यादव के निशाने पर उमंग सिंघार, गढ़ में जाकर देंगे सीधी चुनौती

MP CM Mohan Yadav : कांग्रेस नेता व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के गृह जिले में सीएम मोहन यादव का जनता दरबार, कांग्रेस के गढ़ में जाकर चुनौती देंगे सीएम
2 min read
• •
Updated: 9 Sep 2026, 2:27 PM IST
CM Mohan Yadav
CM Mohan Yadav ( Photo Credit : IANS)

CM Mohan Yadav : मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनावों में अभी करीब 2 साल हैं पर सत्तारूढ़ बीजेपी तैयारियों में लग चुकी है। सत्ता और संगठन का हर काम चुनावों को ध्यान में ही रखकर हो रहा है। बीजेपी हर समय चुनावी मोड में ही है। प्रदेश में आदिवासियों की संख्या सबसे ज्यादा है और इस वर्ग में कांग्रेस की खासी पैठ भी है। राज्य सरकार इस तथ्य को दृष्टिगत रखते हुए उन्हें लुभाने की हर संभव कोशिश कर रही है। सीएम मोहन यादव अपना अगला जनता दरबार आदिवासी बाहुल्य जिले धार में लगा रहे हैं। इस प्रकार कांग्रेस को उसके गढ़ में जाकर चुनौती दी जा रही है। धार, कांग्रेस नेता व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का गृह जिला भी है। जनता दरबार में आम लोगों से लेकर व्यापारियों व उद्योगपतियों तक से चर्चा कर सीएम मोहन यादव कांग्रेस के जनाधार की भी थाह लेंगे। सीएम मोहन यादव दुबई से लौटकर 11​ सितंबर को धार जाएंगे। कांग्रेस भी बीजेपी की रणनीति से वाकिफ है। उमंग सिंघार गणेश प्रतिमा वितरण कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्र में सक्रिय हैं।

अगले विधानसभा चुनावों के लिहाज से दोनों ही दलों-बीजेपी और कांग्रेस के लिए धार जिला बहुत महत्वपूर्ण है। सन 2023 में भाजपा की आंधी में भी यहां कांग्रेस पूरे दमखम के साथ खड़ी रही थी। तब धार जिले की 7 विधानसभा सीटों में से 5 पार्टी प्रत्याशी जीते थे। बीजेपी को महज 2 सीटें मिलीं थीं। इसमें भी धरमपुरी से बीजेपी उम्मीदवार कालुसिंह ठाकुर, कांग्रेस प्रत्याशी पांचीलाल मेड़ा से मात्र 356 वोटों से ही जीत सके थे।

धार जिले की सरदारपुर से प्रताप ग्रेवाल ने बीजेपी के वेलसिंह भूरिया को हराया। कुक्षी से सुरेंद्र सिंह बघेल ने बीजेपी प्रत्याशी जयदीप पटेल को पराजित किया। धार से बीजेपी प्रत्याशी नीना वर्मा ने कांग्रेस उम्मीदवार प्रभा गौतम को हराया।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने धार जिले की ही गंधवानी सीट से बीजेपी उम्मीदवार सरदार सिंह मेड़ा को हराया था। बदनावर से पूर्व भाजपाई भंवर सिंह शेखावत ने कांग्रेस में शामिल होकर बीजेपी प्रत्याशी राजवर्धन सिंह दत्तीगांव को हरा दिया था। मनावर सीट से हीरालाल अलावा ने बीजेपी उम्मीदवार शिवराम कन्नौज को 708 वोटों से हराया।

ज्यादातर सीटों पर मिली हार से पार्टी ने सबक सीख धार पर ध्यान केंद्रित कर दिया

2023 के चुनावों में जिले की 6 सीटों पर बीजेपी का कांग्रेस से सीधा मुकाबला था। तब ज्यादातर सीटों पर मिली हार से पार्टी ने सबक सीख धार पर ध्यान केंद्रित कर दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी धार जिले का लगातार दौरा करते रहे हैं। मई 2026 में वे भोजशाला भी पहुंचे थे। तब सीएम ने धार जिले में अनेक विकास कार्यों का शुभारंभ और भूमिपूजन भी किया था।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक बार फिर धार जा रहे हैं। उनका अगला जनता दरबार यहीं लगेगा। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के गृह जिले में सीएम मोहन यादव कांग्रेस को सीधी चुनौती देंगे। वे यहां अनेक कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।

कांग्रेस के गढ़ में सीएम मोहन यादव का जनता दरबार 11 सितंबर को

कांग्रेस के गढ़ में सीएम मोहन यादव का जनता दरबार 11 सितंबर को लगेगा। इसमें मुख्यमंत्री जिला स्तरीय समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में लोगों से उनकी शिकायतों को सुनेंगे। सीएम मोहन यादव औचक निरीक्षण करेंगे, बैठकों में शामिल होंगे और विभागीय समीक्षा करेंगे। खास बात यह है कि वे यहां युवा, किसानों व उद्योगपतियों से भी मिलेंगे और सीधा संवाद भी करेंगे।

Updated on:
9 Sep 2026, 2:27 PM IST
Published on: