भोपाल

एमपी में होली के मौके पर किसानों को सौगात देगी सरकार, सीएम ने ट्वीट कर फिर दोहराई घोषणा

CM Mohan Yadav- बड़वानी जिले के जनजातीय बहुल नागलवाड़ी गांव में पहली कृषि केबिनेट रखी गई है।
2 min read
Mar 01, 2026
CM reiterates his commitment to give farmers a gift on Holi in a tweet
CM reiterates his commitment to give farmers a gift on Holi in a tweet

CM Mohan Yadav- मध्यप्रदेश में 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत किसानों की आर्थिक उन्नति और खेती को लाभदायक बनाने की कई कवायदें की जा रहीं हैं। सरकार ने नई पहल करते हुए कृषि केबिनेट आयोजित करने का फैसला किया है। इसमें प्रदेश के अन्नदाताओं के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। बड़वानी जिले के जनजातीय बहुल नागलवाड़ी गांव में पहली कृषि केबिनेट रखी गई है। 2 मार्च को होनेवाली इस बैठक की तैयारियों को तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कृषि केबिनेट के संबंध में रविवार को ट्वीट किया। इसमें उन्होंने होली के मौके पर किसानों को सौगात देने की सरकार की मंशा दोहराई।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में मनाए जा रहे किसान कल्याण वर्ष में किसानों के हित में लगातार कार्य किया जा रहा है। हमारा यह संकल्प है कि प्रदेश के अन्नदाताओं को आत्म-निर्भर बनाते हुए उनकी आय को दोगुना किया जाए। इसी क्रम में सोमवार 2 मार्च को जनजातीय बहुल जिले बड़वानी के नागलवाड़ी Nagalwadi Cabinet Barwani में पहली कृषि केबिनेट होने जा रही है। इस दिन नागलवाड़ी से ही सरकार किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेगी।

राज्य सरकार का मंत्री-मंडल पूरा दिन नागलवाड़ी में ही रहेगा। यहां कृषि केबिनेट सहित प्रबुद्धजन एवं किसानों के साथ संवाद भी होगा। कृषि एवं जनजातीय कल्याण पर केंद्रित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

करीब 6 हजार की जनसंख्या वाले आदिवासी बाहुल्य नागलवाड़ी गांव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में होने वाली कृषि केबिनेट न केवल बड़वानी जिले बल्कि पूरे निमाड़ क्षेत्र के विकास के लिए निर्णायक साबित होगी। बैठक के बाद पूरा मंत्री-मंडल यहां के 800 साल पुराने प्राचीन भीलट देव मंदिर में दर्शन करने जाएगा।

कृषि केबिनेट के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव किसानों और प्रबुद्धजनों से संवाद करेंगे। संवाद के दौरान जहां प्रदेश व किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों तथा योजनाओं को साझा किया जाएगा वहीं क्षेत्र विकास के लिए किसानों एवं प्रबुद्धजनों के विचारों और उनकी अपेक्षाओं को जाना जाएगा।

होली पर किसानों को सौगात देने की बात दोहराई

बड़वानी के नागलवाड़ी में होनेवाली कृषि केबिनेट के संबंध में सीएम मोहन यादव ने ट्वीट किया। उन्होंने अपने एक्स हेंडल पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए इस बैठक में होली के मौके पर किसानों को सौगात देने की बात फिर दोहराई। बता दें कि इससे पहले शनिवार को नई दिल्ली में भी सीएम मोहन यादव ने 2 मार्च को प्रदेश के किसानों को सौगात देने की बात कही थी।

मंत्रि-परिषद के सभी सदस्य मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ जनजातीय समाज के जुलवानिया में आयोजित भगोरिया हाट में भी शामिल होंगे। केबिनेट सहित सभी कार्यक्रमों में जनजातीय परम्परा की स्पष्ट झलक दिखाई देगी।

Published on:
01 Mar 2026 07:13 pm