
भोपाल. माता वैष्णोदेवी भवन में मची भगदड़ से करीब एक दर्जन लोगों की मौत हो गई है, वहीं करीब 13 लोग घायल हो गए हैं। अचानक हुई इस घटना पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर ट्वीट करते हुए दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
जानकारी के अनुसार जम्मू कश्मीर के कटरा में स्थित वैष्णोदेवी भवन में शुक्रवार देर रात करीब पौने तीन बजे अचानक भगदड़ मच गई, भगदड़ मचने के कारण करीब १२ लोगों की मौत हो गई है। वहीं करीब 13 लोग घायल हो गए हैं। जिनका उपचार चल रहा है।
जम्मू कश्मीर डीजीपी दिलबाग सिंह के अनुसार भगदड़ का कारण शुरुआती जांच-पड़ताल के अनुसार बहसबाजी बताया जा रहा है। कुछ लोगों में बहस होने के बाद एक दूसरे को धक्का देने के कारण अचानक भगदड़ मची, जिससे कई लोग हताहत हो गए हैं। फिलहाल इस भगदड़ पर जांच भी चल रही है। बताया जा रहा है कि नववर्ष के कारण श्रद्धालुओं की भीड़ काफी अधिक थी, ऐसे में बहसबाजी के चलते यह घटना हुई है। फिलहाल इसकी जांच भी चल रही है।
2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक मदद
वैष्णोदेवी भवन में हुई इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहरा दु:ख व्यक्त किया है। इस घटना में शामिल लोग दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, जम्मू कश्मीर के बताए जा रहे हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। जिन लोगों की भगदड़ में मौत हुई है, उनके शव पीएम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन की टीम व्यवस्था सुधारने और जांच में जुटी है। घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक मदद पीएम राष्ट्रीय राहत कोष से दी जाएगी। वहीं जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस घटना में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए 10 लाख रुपए की आर्थिक मदद की घोषणा की है। वहीं घायलों को 2 लाख रुपए की मदद की जाएगी।