
भोपाल।गुजरात चुनाव में भाजपा की जीत भले ही हो गई है लेकिन राजनीतिक दृष्टि से इसे कमजोर जीत माना जा रहा है। गुजराच चुनाव से पहले विकास पर काफी चर्चाएं चली थीं, किसी ने इसे मजाक बना दिया था तो किसी ने इसे गंभीर मसला माना था। अब इसी मुद्दे पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विकास के मुद्दे पर बड़ा बयान दिया है। चौहान ने कहा है कि अब हैशटैग बदलने का वक्त आ गया है। अब विकास जीत गया है।
MP के CM शिवराज सिंह चौहान ने 'विकास' पर ट्वीट करके विपक्षी पार्टी कांग्रेस पर तीखा कटाक्ष किया है। चौहान ने गुजराती में ट्वीट कर कहा कि 'अब हैशटेग बदलने की जरूरत है। #વિકાસ_જીતી_ગયો_છે यानी विकास जीत गया है।
विकास का उड़ा था काफी मजाक
गौरतलब है कि गुजरात के विकास मॉडल पर चुनाव से पहले काफी मजाक बना दिया गया था। इस पर काफी जोक भी चले थे। खासकर विपक्ष ने गुजरात के विकास को बकवास बताया था। यह भी मजाक उड़ाया गया था कि विकास पागल हो गया है।
इसके अलावा शिवराज सिंह ने दूसरा ट्वीट भी किया है जिसमें कहा गया है कि 'गुजरात और हिमाचल प्रदेश की रिकॉर्ड ब्रेकिंग जीत पर PM नरेंद्र मोदी को बधाई और अभिनंदन। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और कार्यकर्ताओं के अथक प्रयास, परिश्रम का ही यह सुखद परिणाम है। गुजरात एवं हिमाचल की जनता का हृदय से आभार।' इधर हिमाचल प्रदेश और गुजरातमें भारतीय जनता पार्टी की जीत पर मध्य प्रदेश के प्रदेश कार्यालय में दूसरे दिन भी जश्न का माहौल बना हुआ है।
भाजपा की सीटें घटी, कांग्रेस की बढ़ीं
इधर गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा के खाते में 99 सीट आई हैं जबकि कांग्रेस के खाते में 77 सीटें आई हैं। इसके अलावा एनसीपी के खाते में एक सीट आई हैं। गौरतलब है कि गुजरात में हुए विधानसभा चुनाव में इस बार भाजपा की सीटें कम आई है, लेकिन कांग्रेस की सीटें बढ़ी हैं।