भोपाल

बढ़ती ठंड और प्रदूषण से बढ़ रहा फेफड़ों में संक्रमण, रात में अचानक 4 डिग्री गिरा तापमान

Weather Effect : राजधानी में फेफड़ों के संक्रमण के मामले बढ़ गए हैं। ओपीडी में रोजाना मरीजों की संख्या बढ़ रही है। ये सब ठंड और प्रदूषण के उतार-चढ़ाव के चलते बढ़ रहे फेफड़ों के संक्रमण से हो रहा है।
2 min read
Weather Effect
बढ़ती ठंड और प्रदूषण बढ़ा रहा फेफड़ों में संक्रमण (Photo Source- Patrika)

Weather Effect : मौसम के बदलते तेवर और प्रदूषण ने मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में फेफड़ों के संक्रमण के मामले बढ़ा दिए हैं। ओपीडी में हर रोज मरीजों की संख्या बढ़ रही है। 10 दिनों में फेफड़ों के संक्रमण के मरीज लगभग 25 प्रतिशत बढ़ गए हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने बताया कि, इनमें से 40 प्रतिशत मरीजों की हालत गंभीर है। उन्हें एंटीबायोटिक के साथ स्टेरॉयड देना पड़ रहा है।

बता दें कि, पिछले 10 दिनों से भोपाल का एक्यूआई 185 से 350 के बीच घट-बढ़ रहा है। डॉक्टर बताते हैं कि, हवा में मौजूद पीएम 2.5 कण से फेफड़ों की नलियों में सूजन होती है। इससे खांसी अस्थमा रोग, पुरानी खांसी और श्वसन संबंधी जलन होती है।

बच्चों में निमोनिया के मामले बढ़े

रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ रेस्परेटरी डिजीज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पराग शर्मा बताते हैं कि, लगातार ठंड पड़ने से ब्रॉन्कियल ट्यूब सिकुड़ जाती हैं। सर्दी और धूल का असर बच्चों पर ज्यादा पड़ रहा है। नतीजा बच्चों में निमोनिया और सांस लेने में तकलीफ के मामले बढ़े हैं।

ठंड फिर बढ़ेगी, सतर्कता जरूरी

विशेषज्ञ सलाह दे रहे हैं कि, सुबह 4 बजे तक घर से बाहर न निकलें। मास्क पहनें, धूल वाले इलाकों में जाने से बचें। अगर किसी तरह संकर्मण की चपेट में आ जाएं तो बीच में उपचार बंद न करें।

अचानक 4 डिग्री गिरा तापमान

आपको बता दें कि, राजधानी में शुक्रवार सुबह से तापमान में अचानक गिरावट दर्ज होनी शुरु हुई है और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस पर आ पहुंचा। एक दिन पहले ये 15 डिग्री था, यानी अचानक से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ मौसम में ठंडक बढ़ गई। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने के संकेत दिए हैं।

इसलिए गिरा तापमान

मौसम विशेषज्ञ एचएस पांडे के अनुसार, मौजूदा समय में विदर्भ और उसके आसपास एक चक्रवात सक्रिय है। इसके प्रभाव से प्रदेश में अलग-अलग दिशा की हवाएं चल रही हैं। प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में ऊपरी स्तर पर पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हवाएं सक्रिय होने के कारण बीते दिनों आंशिक बादल छाए थे। मौसम भी साफ होने लगा है, जिससे रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।

अभी और गिरेगा तापमान

शुक्रवार को दिन में धूप तेज रही, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली। लेकिन शाम के बाद चली ठंडी हवाओं ने शहरवासियों को तेज ठंड का अहसास कराया। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया कि, रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। विशेषज्ञों का ये भी कहना है कि, अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है।

तारीख अधिकतम न्यूनतम

-21 नवंबर 27.8 9.6

-22 नवंबर 21.7 8.4

-23 नवंबर 27.4 9.4

-24 नवंबर 25.4 14.0

-25 नवंबर 26.2 15.4

-26 नवंबर 27.0 15.4

-27 नवंबर 26.6 15.0

-28 नवंबर 25.6 11

तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

Updated on:
29 Nov 2025 09:01 am
Published on:
29 Nov 2025 09:01 am