भोपाल

Cold Weather Update : ठंड के लिए अभी करना होगा इतना इंतजार, एमपी के इस शहर में तेजी से लुढ़का पारा

Cold Weather Update : मौसम विभाग के अनुसार, अच्छी ठंड के लिए प्रदेशवासियों को लगभग 10 दिन और इंतजार करना होगा। दरअसल, गुजरात के आसपास बने एक प्रति चक्रवात के चलते तापमान में गिरावट तो आई है, लेकिन ठंड का असर कम पड़ रहा है।
less than 1 minute read
Cold Weather Update

Cold Weather Update : वैसे तो मध्य प्रदेश के अधिकतर जिलों में ठंड का दौर शुरु हो गया है। खासतौर पर खुले इलाकों में अब सर्दी का अहसास होने लगा है। फिर भी मध्य प्रदेश मौसम विभाग का मानना है कि अभी अच्छी ठंड के लिए प्रदेशवासियों को लगभग 10 दिन और इंतजार करना होगा। दरअसल, गुजरात के आसपास बने एक प्रति चक्रवात के चलते तापमान में गिरावट तो आई है, लेकिन ठंड का असर कम पड़ रहा है।

प्रदेश के अधिकतर जिलों का तापमान 33 से 35 डिग्री के बीच चल रहा है। वहीं, सबसे बीते 24 घंटों की बात करें तो सबसे कम तापमान नर्मदापुरम जिले के अंतर्गत आने वाले पचमढ़ी में दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम पारा 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

15 से 20 नवंबर के बीच गिरना शुरु होगा तापमान

दिल्ली में स्मॉग की चादर तो वहीं उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप बढ़ने लगा है। देशभर में इस हफ्ते से ठंड पड़ने लगेगी और धुंध छाएगी। इससे तापमान में गिरावट दर्ज होगी। मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य प्रदेश में 15 से 20 नवंबर के बीच धुंध छाने से तापमान में गिरावट आएगी।

पचमढ़ी सबसे सर्द

हालांकि, प्रदेश में रातें सर्द होने लगी हैं। रविवार की रात भी पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा। रविवार की दरमियानी रात यहां का पारा 12.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जबकि इससे पहले यहां का तापमान 13-14 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था।

Updated on:
04 Nov 2024 09:00 am
Published on:
04 Nov 2024 09:00 am