
भोपाल : केंद्र सरकार के फंड देने के मामले में कांग्रेस-भाजपा में जुबानी जंग तेज हो गई है। कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में प्रदर्शन कर केंद्र सरकार पर भेदभाव करने का आरोप लगाया तो मंत्रियों ने प्रदेश के भाजपा नेताओं पर निशाना साधा। उच्चशिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा नेताओं को जनता की फिक्र है तेा मोदी सरकार से मिलकर आपदा राहत का प्रतिवेदन क्यों नहीं दिया। पटवारी ने कहा कि भाजपा नेताओं को चुल्लू भर पानी मे डूब जाना चाहिए।
पटवारी ने कहा कि यदि केंद्र सराकर ने राहत राशि जारी नहीं की तो कांग्रेस को दिल्ली में प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। पटवारी ने कहा कि प्रदेश के किसानों पर कर्ज चढऩे का कारण ही भाजपा सरकार है। वहीं जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि भाजपा प्रदेश के किसानों के साथ खिलवाड़ कर रही है। केंद्र सराकर को एनडीआरएफ का पैसा तत्काल देना चाहिए। शर्मा ने कहा कि भाजपा ने प्रदर्शन कर सिर्फ नौटंकी की है।
भाजपा का पलटवार :
भाजपा ने प्रदेश की कमलनाथ सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर बिजली के बिल जलाए। नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस नेताओं के बयान पर कहा कि कांग्रेस नेता सत्ता आने के कारण अहंकार में आ गए हैं। कांग्रेस ने जनता के साथ वादाखिलाफी की है। कर्जा माफ नहीं हुआ, बिजली के बढ़े हुए बिल आ रहे हैं और फसल का बोनस भी नहीं दिया गया। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस ने किसानों को एक फूटी कौड़ी भी नहीं दी जबकि उन पर आपदा आन पड़ी है। प्रदेश सरकार केंद्र के नाम का रोना रोकर किसानों की मदद करने से बचना चाहती है। केंद्र सरकार के नाम पर किसानों से झूठ बोलने वाली सरकार के खिलाफ भाजपा हमेशा खड़ी रहेगी।