भोपाल

Datia By-Election : बड़े पैमाने पर गड़बड़ी कराने की कांग्रेस ने जताई आशंका, चुनाव आयोग से की शिकायत

Datia by-election 2026- वोटिंग से पहले प्रदेश के पूर्व नेता प्रतिपक्ष वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. गोविंद सिंह ने बूथ कैप्चरिंग और फर्जी मतदान की आशंका जताई, निर्वाचन आयोग को पत्र लिखा
2 min read
Jul 29, 2026
Congress expresses apprehension regarding irregularities in Datia by-election
Datia By-Election 2026- Photo Source- Patrika)

Datia By-Election - दतिया उपचुनाव में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की आशंका जताई गई है। इसे लेकर कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग को पत्र लिखा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने यह शिकायत की है। उन्होंने दतिया में बूथ कैप्चरिंग और फर्जी मतदान की आशंका जताई है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने चुनाव आयोग को शिकायत में कहा है दतिया में गड़बड़ी कराने के लिए पड़ोसी जिले भिंड के पुलिस अधिकारियों को बुलाने का प्लान है। उनकी यहां ड्यूटी नहीं लगाई जाए। इस बीच जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।

दतिया विधानसभा में उपचुनाव के लिए कल यानि 30 जुलाई को मतदान है। वोटिंग सुबह 8 बजे से शुरु हो जाएगी। दतिया में प्रचार का शोर थम चुका है। अब यहां सभी प्रत्याशी डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर रहे हैं। उपचुनाव के लिए मतगणना 3 अगस्त को होगी और इसके बाद परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

निर्वाचन आयोग ने कहा है कि स्वतंत्र मतदान के लिए हर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रत्येक मतदाता को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान का वातावरण उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

भिंड के पुलिस अधिकारियों को तैनात करने का प्लान बनाया

इधर कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि दतिया उपचुनाव में गड़बड़ी कराने के लिए पड़ोसी जिले भिंड के पुलिस अधिकारियों को तैनात करने का प्लान बनाया गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) संजीव कुमार झा को इस संबंध में पत्र लिखा है। उन्होंने चुनाव आयोग से तत्काल संज्ञान लेने का आग्रह किया है।

बूथ कैप्चरिंग और फर्जी वोटिंग के लिए यह साजिश

गोविंद सिंह ने भिंड के पुलिस अफसरों की दतिया में ड्यूटी पर रोक की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि दतिया में बूथ कैप्चरिंग और फर्जी वोटिंग के लिए यह साजिश रची जा रही है। यहां निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए भिंड जिले के किसी भी पुलिस अधिकारी ड्यूटी नहीं लगाई जाए।

दतिया विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अक्षय कुमार तेम्रवाल ने मंगलवार को विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और मतदान दिवस पर मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने के निर्देश दिए।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी अक्षय कुमार तेम्रवाल ने निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्र क्रमांक 220 पलोथर, 222 डगरा कुआं, 253 नुनवाहा, 258 कुडरय़ा के साथ उद्गंवा, कटीली और पखरा के मतदान केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं, निर्वाचन सामग्री, सुरक्षा व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया से जुड़ी तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों को स्वच्छता, पेयजल, बिजली, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु और निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।

Updated on:
29 Jul 2026 10:39 am
Published on:
29 Jul 2026 10:37 am