
MP Congress : मध्यप्रदेश कांग्रेस, विंध्य पर फोकस कर रही है। इसके लिए बीजेपी के एक बड़े नेता पर भी नजर है। प्रदेश के डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला उसके निशाने पर हैं। उनका विंध्य इलाके में खासा प्रभाव है। डिप्टी सीएम को घेरने का कांग्रेस कोई मौका नहीं छोड़ती। छिंदवाड़ा में कफ सीरप से हुई बच्चों की मौतों के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराते हुए इस्तीफा भी मांगा जाता रहा। अब डिप्टी सीएम के प्रभाव क्षेत्र यानि विंध्य में कांग्रेस अपनी पैठ बढ़ाने की कोशिश कर रही है। इसके लिए प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक अहम बैठक भी बुलाई। विशेष तौर पर रीवा संभाग के नेताओं की इस बैठक में इलाके में कांग्रेस के लिए संभावनाएं तलाशी गईं।
कांग्रेस जहां एक ओर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे का दबाव बनाकर राजनीतिक बढ़त लेने की कोेशिश कर रही है वहीं मध्यप्रदेश में आगामी चुनावों के लिए रणनीति बनाने तथा संगठन की मजबूती के लिए भी कवायद करने में जुटी है। इसके लिए विभिन्न बैठकें बुलाकर रणनीतियां तैयार की जा रहीं हैं।
बुधवार को मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में रीवा संभाग के नेताओं की बैठक बुलाई गई। राजधानी भोपाल स्थित इंदिरा भवन में यह महत्वपूर्ण बैठक हुई। यहां प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने रीवा संभाग के अंतर्गत आने वाले रीवा, मैहर, मऊगंज, सतना, सीधी, सिंगरौली जिलों में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की। बैठक में संभाग के सभी जिला अध्यक्षों से विस्तार से बातचीत की गई। सभी विधानसभा प्रभारी और जिला प्रभारी भी इसमें शामिल हुए। बैठक में रीवा संभाव में सांगठनिक रणनीतियों पर चर्चा की गई।
रीवा संभाग की इस बैठक में वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा एवं प्रदेश महासचिव गौरव रघुवंशी भी उपस्थित रहे। जिलाध्यक्षों ने विंध्य इलाके में राज्य सरकार और बीजेपी संगठन की गतिविधियां भी बताईं। डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला के क्रियाकलापों की भी चर्चा हुई।
इलाके के कांग्रेस नेताओं ने पूरी एकजुटता और जोश के साथ जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ने की बात कही। जिलाध्यक्षों व अन्य नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने के लिए पूरी तरह तैयार होने की भी बात कही।