भोपाल

भोपाल में चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन, कार्यकर्ताओं को रोकने पुलिस ने चलाया वाटर केनन

Congress Protest : राजधानी में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन शुरु हो गया है। पीसीसी कार्यालय से कांग्रेसीनिर्वाचन आयोग का घेराव करने निकले। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की देखने को मिली।
2 min read
Congress Protest
कांग्रेस का प्रदर्शन (फोटो सोर्स: @jitupatwari)

Bhopal News :मध्य प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में घपले का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर कार्रवाई की मांग को लेकर राजधानी भोपाल में आज कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन चल रहा है। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ता मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय का घेराव करने निकले हैं। इस दौरान पुलिस और कांग्रेसियों के बीच धक्का-मुक्की भी देखने को मिल रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बैरिकेड्स पर चढ़ने से रोकने के लिए पुलिस द्वारा वाटर केनन का इस्तेमाल भी किया जा रहा है।

हालात को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को बसों में बैठाकर मौके से हटाया। बता दें कि, प्रदर्शन के दौरान हुई झड़प में उप नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता घायल भी हुए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उन्हें बाद में इलाज के लिए अस्पताल भी पहुंचाया।

ज्ञानेश कुमार का मुखौटा पहनाकर जंजीरों से बांधकर लाए

प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध भी करते नजर आए। एक कार्यकर्ता ज्ञानेश कुमार का मुखौटा पहनकर प्रदर्शन में पहुंचा। कार्यकर्ता ने खुद को जंजीरों से बांध रखा था। साथ ही, अन्य कांग्रेसी उसे जंजीरों से पकड़कर ले जाते नजर आए। जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन में शामिल रहे। दोनों नेता खुद भी मुखौटा पहने शख्स को जंजीरों से घसीटते नजर आए। इस दौरान अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता वोट चोर, गद्दी छोड़ के नारे लगाते रहे।

पीसीसी दफ्तर से शुरु हुआ था प्रदर्शन

प्रदर्शन से पहले काग्रेस का कार्यक्रम (फोटो सोर्स: Patrika)

निर्वाचन आयोग कार्यालय के घेराव से पहले प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने सभा हुई। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मंत्री और विधायक समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल रहे। सभा के बाद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर बढ़ गए। पुलिस ने रास्ते में बैरिकेड लगाकर उन्हें रोकके का प्रयास किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की गई, जिसके चलते यहां हालात बिगड़े।

Updated on:
28 Sept 2026 05:17 pm
Published on:
28 Sept 2026 03:00 pm