भोपाल

अपने 4 वेयरहाउसों में फंसे जीतू पटवारी, कई ब्यूरोक्रेट भी कर रहे मोटी कमाई, अब होगी कार्रवाई

Congress State President Jitu Patwari- वेयरहाउस में नियमों का उल्लंघन, कार्रवाई के घेरे में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष, मप्र वेयर हाउसिंग एवं लॉजिस्टिक कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष नगाइच ने चार वेयरहाउसों का किया दौरा

2 min read
Jun 21, 2026
Congress State President Jitu Patwari stranded at his 4 warehouses
Jitu Patwari (Patrika.com)

Jitu Patwari -मध्यप्रदेश में बड़ी संख्या में वेयरहाउसेस हैं। प्रदेश के ज्यादातर नेताओं का पैसा इनमें लगा है। वेयरहाउसेस से कई ब्यूरोक्रेट भी जुड़े हैं। नेताओं और अधिकारियों का यह गठजोड़ सरकारी अनाज के भंडारण के नाम पर खूब कमाई कर रहा है। रसूखदारों के अधिकांश वेयरहाउस में नियमों का पालन नहीं किया जा रहा। ऐसे ही मामले में अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी फंस गए हैं। मप्र वेयर हाउसिंग एवं लॉजिस्टिक कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष संजय नगाइच ने आरोप लगाया कि उनके 4 वेयर हाउसों में नियमों का खुला उल्लंघन हो रहा है। नगाइच ने जीतू पटवारी Jitu Patwari के वेयरहाउसेस का दौरा कर ये बात कही। उन्होंने अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के लिए भी कहा है।

मप्र वेयर हाउसिंग एवं लॉजिस्टिक कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष संजय नगाइच ने प्रदेश कांग्रेसाध्यक्ष जीतू पटवारी के सांवेर विधानसभा के पालिया गांव में बने चार वेयरहाउसों का दौरा किया। यहां कई खामियां मिली। इसके बाद संजय नगाइच ने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पटवारी को नोटिस जारी कर वेयर हाउसों को सरकारी अनाज रखने से बेदखल करें।

वेयरहाउस में फायर सेफ़्टी के इंतजाम नहीं

दौरे के बाद वेयर हाउसिंग एवं लॉजिस्टिक कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष संजय नगाइच ने बताया कि उन्होंने सिर्फ जीतू पटवारी के नहीं बल्कि 100 वेयरहाउसों के दौरे किए। इनमें पटवारी के चार वेयरहाउस शामिल है। निरीक्षण दौरे के दौरान पटवारी के वेयरहाउस में कई खामियां मिली है। वहां फायर सेफ़्टी तक के इंतजाम नहीं थे।

मप्र वेयर हाउसिंग एवं लॉजिस्टिक कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष संजय नगाइच ने निरीक्षण करने के बाद कहा, जीतू पटवारी इतने बड़े नेता हैं और उनके वेयरहाउस में आग बुझाने के लिए बाल्टी और रेत तक नहीं थी। इसे गंभीरता से लेते हुए नोटिस भेजने के लिए निर्देशित किया गया है।

हकीकत यह कि प्रदेश में दोनों दलों के नेताओं और उनके परिजनों के वेयरहाउस

हालांकि हकीकत यह है कि प्रदेश में दोनों दलों के कई नेताओं और उनके परिजनों के वेयरहाउस है। बीते साल तो कुछ नेताओं के वेयरहाउस में रखा करोड़ों का गेहूं सड़ गया था, जिसे बाद में सरकार ने औने-पौने दामों में बेचा था।

आम लोगों का कहना है कि नगाइच को सभी वेयरहाउसों की खबर लेनी चाहिए

सूत्रों के मुताबिक वेयरहाउस से कुछ ब्यूरोक्रेट भी जुड़े हैं, जो सरकारी अनाज रखकर सरकार से किराये के नाम पर मोटी कमाई कर रहे हैं। आम लोगों का कहना है कि वेयर हाउसिंग एवं लॉजिस्टिक कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष संजय नगाइच को ऐसे सभी वेयरहाउसों की खोज खबर लेनी चाहिए।

Updated on:
21 Jun 2026 10:00 am
Published on:
21 Jun 2026 09:57 am