सीएमएचओ को निर्देश भेजे, जिलों को उपलब्ध नहीं करा पाएंगे टीका, 3 दिन तक अभियान के तहत नहीं लगेगा टीका
भोपाल. मध्यप्रदेश में कोरोना वैक्सीन का स्टॉक खत्म हो गया है। ऐसे में प्रदेश में तीन दिन तक अभियान के तहत टीका नहीं लग सकेगा। 12 से 14 जुलाई तक कोरोना की वैक्सीन अभियान के तहत नहीं लगेगी पर जिले में उपलब्ध स्टॉक से वैक्सीन लगा सकेंगे। इस संबंध में निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।
राज्य टीकाकरण अधिकारी संतोष शुक्ला द्वारा सीएमएचओ और जिला टीकाकरण अधिकारियों को भेजे गए निर्देश में साफ लिखा है कि राज्य सरकार जिलों को वैक्सीन नहीं भेजेगी। 12 जुलाई को जिले पर उपलब्ध स्टॉक के अनुसार वैक्सीन लगा सकते हैं। 13 जुलाई को भी नियमित टीकाकरण की बात कही गई है।
प्रदेश में अब तक 2 करोड़ 1 लाख 43 हजार 708 लोगों को वेक्सीन का पहला डोज और 37 लाख 91 हजार 38 लोगों को दूसरा डोज लगा है। कुल 2 करोड़ 39 लाख 34 हजार 746 लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। इसमें 18-44 वर्ष उम्र के 1 करोड़ 20 लाख 1 हजार 932, 45-60 वर्ष के 69 लाख 83 हजार 143 और 60 वर्ष से ज्यादा की उम्र के 49 लाख 49 हजार 671 लोगों को वैक्सीन लगी है।