
Divya Rishi Tiwari : भोपाल में एक बीजेपी नेता की मौत हो गई। एमपी नगर स्थित मॉल के सामने रविवार रात स्ट्रीट लाइट के खंभे से करंट लगने के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्य ऋषि तिवारी (29) की सांसें थम गईं थी। उनकी मौत की खबर मिलते ही दुखी कार्यकर्ताओं की भीड़ लग गई। प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री और बीजेपी नेताओं ने दिव्य ऋषि तिवारी के निधन पर शोक जताया। सोमवार को सुबह से ही उनके निवास पर पार्टी कार्यकर्ता एकत्रित हो गए हैं।
दिव्य ऋषि तिवारी एमपी नगर स्थित मॉल से दोस्तों संग लौट रहे थे तभी स्ट्रीट लाइट के खंभे पर उनका हाथ लग गया। इससे करंट लगा। बताया जा रहा है कि भाजयुमो नेता को हादसे के बाद मौके पर मौजूद ट्रैफिक हेड कांस्टेबल ने सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया और निजी अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत में उन्हें एम्स रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पत्रकार कॉलोनी, टीटी नगर निवासी दिव्य ऋषि तिवारी जिला न्यायालय में वकालत करते थे। उनके पिता आनंद तिवारी जिला बार एसोसिएशन के पूर्व सचिव रहे और वरिष्ठ अधिवक्ता हैं, जबकि बड़े भाई दिव्यअंकुर तिवारी प्रोफेसर हैं।
पुलिस के अनुसार, रात को दिव्य ऋषि तिवारी दोस्तों के साथ मॉल गए थे। खरीदारी कर सभी घर लौट रहे थे। दिव्यऋषि मोबाइल पर बात करते हुए पैदल चल रहे थे, तभी उनका हाथ स्ट्रीट लाइट के खंबे से लगा। उन्हें तेज झटका लगा और वह सड़क पर जा गिरे। घटनास्थल पर मौजूद ट्रैफिक हेड कांस्टेबल जगदीश दांगी ने उन्हें संभाला और सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया। इसके बाद ऑटो की मदद से उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया। बाद में एम्स में उनकी सांसें थम गईं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरु की। स्ट्रीट लाइट के खंबे में करंट आने के कारणों और विद्युत व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
टीटी नगर पत्रकार कॉलोनी में सोमवार सुबह से दिव्य ऋषि तिवारी के आवास के आसपास बीजेपी कार्यकर्ता जुटने लगे हैं। बड़ी संख्या में परिचित, रिश्तेदार और दोस्त भी घर पर एकत्रित हो गए हैं।