भोपाल

Cyclone Remal Update: तेजी से आगे बढ़ रहा भीषण चक्रवात रेमल, जानें मध्यप्रदेश में कितना असर पड़ेगा

Mp weather : रेमल तूफान तेजी से आगे बढ़ रहा है, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जानें मध्यप्रदेश में रेमल तूफान के असर को लेकर क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक...।

2 min read
May 25, 2024
Cyclone Remal
Severe Cyclone Remal का मध्य प्रदेश पर भी दिखेगा असर.

Severe Cyclone Remal Latest Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक रविवार 26 मई आधी रात के आसपास सागर द्वीप और खेपुपारा के बीच पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तटों पर एक भीषण चक्रवाती तूफान आ रहा है। इस चक्रवाती तूफान को मौसम विज्ञान केंद्र ने रेमल नाम दिया है। तेजी से उत्तर की ओर बढ़ रहे इस तूफान का कई राज्यों में असर पड़ने वाला है। कुछ राज्यों में ज्यादा असर पड़ेगा, कुछ राज्यों में इसका आंशिक असर पड़ने वाला है। सबसे ज्यादा असर पश्चिम बंगाल पर पड़ेगा। रेमल चक्रवाती तूफान का मध्यप्रदेश में कितना असर पड़ेगा, इसे लेकर भोपाल के मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मध्यप्रदेश में भी इसका असर देखने को मिलेगा..।

एमपी में दिख सकता है ये असर

मध्यप्रदेश के भोपाल स्थित मौसम केंद्र (imd bhopal) के वैज्ञानिक पीके साहा का कहना है कि रेमल तूफान का मध्यप्रदेश में बहुत ज्यादा असर नहीं होगा। क्योंकि तूफान मध्यप्रदेश के नजदीक नहीं है, ये काफी दूर से गुजर जाएगा। हां, रेमल तूफान की वजह से यहां मौसम में नमी बढ़ जाएगी और आंशिक बारिश या बारिश के छींटे भी पड़ सकते हैं। इससे ज्यादा कुछ नहीं होगा।

इस तरह उठा रेमल तूफान

दरअसल पश्चिम मध्य और समीपवर्ती दक्षिण बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बना और 24 मई को मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर खेपुपारा (बांग्लादेश) से लगभग 800 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम और कैनिंग (पश्चिम बंगाल) से 810 किमी दक्षिण में एक तूफान में बदल गया। मौसम विभाग का कहना है कि लगभग उत्तर की ओर बढ़ते हुए इस गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में 26 मई की मध्यरात्रि के आसपास सागर द्वीप और खेपुपारा के बीच बांग्लादेश और आसपास के पश्चिम बंगाल तटों को पार करने की संभावना है।

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

IMD Cyclone REMAL Updates: मौसम विभाग का कहना है कि 26 और 27 मई को पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों और उत्तरी ओडिशा के आसपास के जिलों में अति भारी बारिश के साथ अधिकांश स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 26 मई को पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है। IMD ने 26 मई को मिजोरम, त्रिपुरा और दक्षिण मणिपुर में और 27 और 28 मई को असम और मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी वर्षा के साथ अधिकांश स्थानों पर हल्की वर्षा की भविष्यवाणी की है। 24 मई को अंडमान द्वीप समूह में अधिकांश स्थानों पर हल्की और भारी वर्षा होने की संभावना है।

120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी हवा

IMD ने 24 मई को मध्य और निकटवर्ती दक्षिण बंगाल की खाड़ी में 40-50 किमी प्रति घंटे से लेकर 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई थी। वहीं 25 मई की शाम से पश्चिम बंगाल और आसपास के उत्तरी ओडिशा तटों पर तूफानी हवा की गति बढ़ने की संभावना है। यह 60-70 किमी प्रति घंटे से बढ़कर 26 मई की सुबह से 80 किमी प्रति घंटे से 100-120 किमी प्रति घंटे तक पहुंच जाएगी।

Updated on:
27 May 2024 09:45 am
Published on:
25 May 2024 12:05 pm