भोपाल

सालों तक कैसे बचते रहे करोड़ों की ठगी करनेवाले भोपाल के बिल्डर दंपत्ति! रंग लाई डीसीपी की फटकार

Sandeep Ramtani : भोपाल कमिश्नर और डीसीपी की सख्ती ने कराई बिल्डर संदीप रमतानी और संगीता रमतानी की गिरफ़्तारी, आज रिमांड समाप्त
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 2:11 PM IST
संदीप रमतानी और संगीता रमतानी
संदीप रमतानी और संगीता रमतानी Image patrika enhanced AI

Sandeep Ramtani : भोपाल के प्रॉपर्टी ठगी और बैंक लोन धोखाधड़ी मामले में आरोपी बिल्डर दंपत्ति संदीप रमतानी और उनकी पत्नी संगीता रमतानी की पुलिस रिमांड आज खत्म हो रही है। पुलिस उन्हें कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है। आरोपी दंपत्ति को अयोध्या नगर पुलिस ने पहले 23 नवंबर तक रिमांड पर लिया था। इसके बाद कोर्ट ने दो दिन के लिए रिमांड और बढ़ा दी थी। इस दौरान बिल्डर संदीप रमतानी और उनकी पत्नी संगीता से पुलिस लगातार पूछताछ करती रही। इस बीच आरोपियों की गिरफ्तारी की अंदर की कहानी भी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार करोड़ों की ठगी करनेवाले बिल्डर दंपत्ति संदीप और संगीता रमतानी अपने रसूख के दम सालों तक बचते रहे। हाल ही में शिकायतकर्ताओं ने पुलिस कमिश्नर संजय कुमार को मामले से अवगत कराया। उन्होंने डीसीपी जोन 2 आदर्शकांत शुक्ला को मामला देखने को कहा। डीसीपी की फटकार के बाद पुलिस को आखिरकार बिल्डर दंपत्ति को गिरफ्तार करना पड़ा।

संदीप रमतानी और संगीता रमतानी सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ धोखाधडी के कई प्रकरण, शिकायतें और स्थाई वारंट लंबित हैं। अयोध्या नगर थाने में ही आरोपियों पर 3 प्रकरण दर्ज हैं। लैंडमार्क होम्स फर्म के मालिक बिल्डर दंपत्ति संदीप रमतानी एवं उनकी पत्नी संगीता रमतानी पर मकान एवं फ्लैट बनाकर बेचने के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप हैं। दोनों को अलग अलग जगहों से गिरफ्तार किया गया था।

अयोध्यानगर थाना में प्रापर्टी बिल्डर एवं डेवलपर फरियादी योगेश सूद ने आरोपी संदीप रमतानी की शिकायत की थी। इसमें सूद ने बताया कि आरोपी रमतानी ने 2017 में अर्चना परिसर अयोध्यानगर में 4 निर्माणाधीन फ्लैट बुक करवाए थे। पजेशन लेटर देकर पूरी राशि 60 लाख रुपये ले ली लेकिन फ्लैट हेंड ओवर नहीं किए। इतना ही नहीं, इन फ्लैट्स पर बैंक से षडयंत्रपूर्वक 60 लाख रुपए का लोन भी ले लिया।

राघवेन्द्र ओझा, अमित सिंह तथा मनदीप चौकसे ने भी बिल्डर दंपत्ति संदीप रमतानी व संगीता रमतानी पर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादियों ने पुलिस को बताया कि अयोध्यानगर में बहुमंजिला बिल्डिंग सुरभि मजेस्टिक में निर्माणाधीन फ्लैट की रजिस्ट्री कराकर पूरे पैसे ले लिये पर निर्माण नहीं कराया। निर्माणाधीन बिल्डिंग पर आरोपियों ने बैंक से भी लोन ले लिया। कर्ज नहीं चुकाने के कारण बैंक ने बिल्डिंग को कुर्क कर लिया था। जनता कालोनी गोविंदपुरा की बसंती सोनी ने भी आरोपी दंपत्ति की पुलिस में शिकायत की थी।

रसूख के दम पर बचते रहे बिल्डर दंपत्ति

धोखाधडी की कई शिकायतें दर्ज होने के बाद भी संदीप रमतानी, संगीता रमतानी को पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया। दरअसल वे अपने रसूख के दम पर बचते रहे और फरार हो गए।

गिरफ्तारी की अंदरूनी कहानी

बताया जा रहा है कि कुछ ही दिनों पहले फरियादियों ने भोपाल के पुलिस कमिश्नर संजय कुमार से मुलाकात कर उन्हें पूरा मामला बताया। इस पर पुलिस कमिश्नर ने डीसीपी जोन 2 आदर्शकांत शुक्ला को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। डीसीपी ने सख्ती दिखाई तो पुलिस को एक्शन लेना पड़ा। उनकी फटकार के बाद ही ठगी के आरोपी बिल्डर संदीप रमतानी और संगीता रमतानी को पकड़ा गया।

Updated on:
25 Nov 2026, 2:11 PM IST
Published on: