कांग्रेस विधायक तरुण भनोट ने दी महिला पुलिसकर्मी को सस्पेंड कराने की धमकी, महिला पुलिसकर्मी का जवाब- मैं भी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराऊंगी...
भोपाल. मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में जेपी अस्पताल के नोडल अधिकारी के साथ कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा के साथ बदसलुकी किए जाने का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि प्रदेश में एक और सरकारी कर्मचारी के साथ कांग्रेस के पूर्व मंत्री की बहसबाजी का मामला सामने आया है। मामला जबलपुर का है जहां खाकी v/s खादी का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो शहर के गोराबाजार क्षेत्र का है जहां सोमवार को कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री तरुण भनोट की एक महिला पुलिसकर्मी से बहसबाजी हो गई।
देखें वीडियो-
ये है पूरा मामला ?
कांग्रेस विधायक तरुण भनोट और महिला पुलिसकर्मी के बीच तनातनी का जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वो सोमवार को गोराबाजार इलाके का है जहां महिला पुलिसकर्मी हेड कॉन्सटेबल लक्ष्मी बेन ड्यूटी पर तैनात थीं और बिना मास्क के घूमने और वाहन चलाने वालों के चालान काट रही थीं। बताया जा रहा है कि इसी दौरान उन्होंने कुछ लोगों के चालान काटे जिनमें से किसी ने ही कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री तरुण भनोट को फोन कर इसकी शिकायत की। जिसके बाद तरुण भनोट खुद अपनी गाड़ी से वहां पहुंचे और महिला पुलिसकर्मी को जमकर खरी खोटी सुनाई। पूर्व मंत्री व कांग्रेस विधायक भनोट ने महिला पुलिसकर्मी पर जबरन वसूली करने के आरोप लगाते हुए उसे सस्पेंड कराने की धमकी दी। इतना ही नहीं महिला पुलिसकर्मी से टीआई का नंबर भी मांगा। विधायक के व्यवहार से नाराज महिला पुलिसकर्मी हेड कॉन्सटेबल लक्ष्मी बेन ने नंबर देने से इंकार करते हुए कहा आप ही पता कर लो और फोन लगा लीजिए। इसके बाद विधायक भनोट ने थाने के टीआई सहदेव राम साहू को फोन लगाया और धमकी भरे लहजे में कहा कि महिला हेड कॉन्सटेबल को सस्पेंड करो ये यहां पर जबरन वसूली कर रही हैं। इतना ही विधायक भनोट ने टीआई से धमकी भरे लहजे में ये भी कहा कि अगर महिला पुलिसकर्मी को सस्पेंड नहीं किया तो वो थाने में आकर देखते हैं और भोपाल तक शिकायत करेंगे।
हेड कॉ़न्सटेबल ने कहा- 'मैं शासन की ड्यूटी कर रही हूं'
पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक तरुण भनोट जब महिला कॉन्सटेबल लक्ष्मी बेन पर अवैध वसूली करने के आरोप लगा रहे थे तो वो भी भड़क गईं और तेवर दिखाते हुए कहा कि वो शासन की ड्यूटी कर रहीं हैं। उन्होंने विधायक से ये भी कहा कि आप इस तरह से एक महिला आरक्षक से बात नहीं कर सकते उसके सम्मान को ठेस नहीं पहुंचा सकते। जिस पर विधायक ने फिर जोर से डांटते हुए चुप कहा और एसपी से शिकायत की बात कहते हुए जाने लगे। जिस पर हेड कॉन्सटेबल लक्ष्मी सेन ने भी थाने में विधायक के खिलाफ रिपोर्ट लिखाने की बात कही।
वीडियो हुआ वायरल
मंगलवार को महिला आरक्षक और विधायक के बीच बहस का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं दूसरी तरफ पुलिस के अधिकारी अभी भी मामले को लेकर कुछ भी बोलने से बचते नजर आ रहे हैं। बता दें कि बीते कुछ दिनों में ये दूसरा मामला है जब कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री का किसी सरकारी कर्मचारी या अधिकारी के साथ दुर्व्यवहार करते नजर आए है। इससे पहले भोपाल के जेपी अस्पताल में भी कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा के सामने कांग्रेस पार्षद ने कोरोना नोडल अधिकारी से बदतमीजी की थी जिससे दुखी होकर कोरोना नोडल अधिकारी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था और रोते-रोते ये तक कहा था कि गाली खाने के लिए उन्हें नौकरी नहीं करनी है।
देखें वीडियो-