Laxman Singh: कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह के छोटे भाई लक्ष्मण लगातार कांग्रेस में रहते हुए पार्टी की नीतियों पर सवाल उठाते रहे हैं, अब भाजपा में शामिल होने की अटकलें..।
Laxman Singh: मध्यप्रदेश में एक बार फिर दलबदल देखने को मिल सकता है लेकिन इस बार भाजपा कांग्रेस को बड़ा झटका दे सकती है। दरअसल इस बार भाजपा की नजर मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह (Laxman Singh) पर है। भाजपा के दो विधायकों ने तो लक्ष्मण सिंह को भाजपा में शामिल होने का न्यौता भी दे दिया है। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं हैं कि लक्ष्मण सिंह 'हाथ' छोड़कर 'कमल' का दामन थाम सकते हैं।
विदिशा जिले की सिरोंज से भाजपा विधायक उमाकांत शर्मा ने कहा है कि लक्ष्मण सिंह कांग्रेस में रहकर क्यों ज्यादती सहन कर रहे हैं? मैं उनसे आह्वान करता हूं कि आप भाजपा ज्वाइन कर लीजिए। उन्होंने आगे कहा कि लक्ष्मण सिंह हमारे बड़े भाई हैं वो पहले भी भाजपा में रह चुके हैं और राजगढ़ सीट से भाजपा से सांसद रह चुके हैं। क्यों कांग्रेस में रहकर ज्यादती सहन कर रहे हैं भाजपा ज्वाइन कर लें। तो वहीं राजगढ़ जिले के खिलचीपुर से भाजपा विधायक हजारी लाल दांगी ने कहा है कि लक्ष्मण सिंह मेरे घर आए थे। वो मेरे पुराने साथी हैं, मैंने उनसे बात कर ली है। मेरी बात हुई तो उन्होंने कहा कि विचार करूंगा। इसके साथ ही हजारी लाल दांगी ने ये भी कहा कि लक्ष्मण सिंह दिग्विजय सिंह की वजह से कांग्रेस में हैं।
बता दें दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह अपनी पार्टी के खिलाफ अक्सर बयानबाजी करने के कारण सुर्खियों में रहते हैं। राहुल गांधी के संसद में हिंदुओं को लेकर टिप्पणी को लेकर भी लक्ष्मण सिंह ने ट्वीट किया है जो सुर्खियों में बना हुआ है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखाहै कि संसद में 'हिंदुओं' पर की गई टिप्पणी अशोभनीय है और अनावश्यक भी। केवल और केवल जनता और देश से जुड़े मुद्दे उठाना ही उचित होगा।
इससे पहले उन्होंने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के एनडीए सरकार के ज्यादा दिनों तक न चलने के बयान पर भी ट्वीट किया था और तब उन्होंने लिखा कि हम केंद्र में सरकार गिराने की सोच रहे हैं,जबकि मध्यप्रदेश में हम बनी सरकार नहीं बचा पाए। अच्छा होगा हम इस सरकार को गिराने के बजाए,अगली सरकार हमारी कैसे बने उस पर ध्यान दें तो उचित होगा।