
Bhopal news: घर में रखा कूलर, गमलों की तश्तरी या पक्षियों के लिए रखा पानी का कटोरा… आपकी नजर में ये छोटी चीजें हैं, लेकिन डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के लिए यही सुरक्षित ठिकाने बन रहे हैं। मध्यप्रदेश के भोपाल शहर में डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग के सर्वे ने घरों में पनप रहे खतरे का खुलासा किया है। एक सितंबर से 10 नवंबर के बीच 89,702 घरों की जांच में 4,208 घरों में डेंगू का लार्वा मिला। यानी हर 21वें घर में मच्छर पनपने का ठिकाना मिला। चौंकाने वाली बात यह है कि वीआईपी और पॉश कॉलोनियां भी इसकी चपेट में हैं। शहर में इस साल अब तक 206 लोग डेंगू से संक्रमित हो चुके हैं। घरों के साथ खाली प्लॉट भी मच्छरों के पनपने की बड़ी वजह बन रहे हैं। सर्वे में कूलर का पुराना पानी, गमलों की तश्तरियों और पक्षियों के पानी के बर्तनों में लार्वा मिला। साफ पानी में भी डेंगू का मच्छर पनपता है। इसलिए घरों में नियमित सफाई जरूरी है।
शहर में 10 हजार से ज्यादा खाली प्लॉट हैं। इनमें बारिश का पानी जमा होने से मच्छरों को पनपने का मौका मिल रहा है। समझाइश के बावजूद सफाई नहीं कराने वाले प्लॉट मालिकों पर नगर निगम ने कार्रवाई शुरू की है। वहीं बता दें कि अब तक 12 इलाके डेंगू की चपेट में आ चुके हैं। जिनमें लालघाटी, कोहेफिजा, जीएमसी, शहीद नगर, ईदगाह हिल्स, साकेत नगर, एम्स, पिपलिया पेंदे खां, बरखेड़ा, अयोध्या नगर, अशोका गार्डन और कटारा हिल्स में डेंगू का खतरा अधिक है।
-अचानक तेज़ बुखार आना
-माथे या सिर में तेज़ दर्द
-आंखों के पीछे तेज दर्द जो हिलने पर बढ़े
-जोड़ों और मांसपेशियों में गंभीर दर्द
-जी मिचलाना और उल्टी होना
-अत्यधिक थकान और कमजोरी
-त्वचा पर लाल चकत्ते या रैश दिखना
डेंगू के शुरुआती संकेत के लिए रैपिड टेस्ट किया जाता है। तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर और जोड़ों में दर्द, कमजोरी, उल्टी और लाल चकत्ते जैसे लक्षणों में डॉक्टर डेंगू की आशंका मानकर इलाज शुरू कर सकते हैं। एलिजा से इसकी पुष्टि होती है। इसी प्रक्रिया के कारण अस्पतालों की वास्तविक स्थिति और सरकारी आंकड़ों में अंतर दिखाई देता है।