गोलजोड से मंडीदीप जाने वाली सड़क का बुरा हाल
भोपाल/ कोलार. अमरावत कला पंचायत क्षेत्र में आने वाली गोलगांव से मंडीदीप सड़क का बुरा हाल है, इस सड़क से गुजरने वाले हर व्यक्ति भगवान का नाम लेकर ही सफर तैय करता है। इस सड़क से लगभग 13 गांव के रहवासी रोजाना निकलते है उसके बाद भी न तो सरपंच और न ही पीडब्लूडी विभाग ने रहवासियों पर दया दिखाई।
सड़क के नहीं बनने से लगभग 20 हजार से अधिक आबादी को इस समस्या का रोजाना सामना करना पड़ रहा हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत बारिश के समय से हो रही है बारिश होने से सड़कों पर कीचड़ होने से रोजाना दो पहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे है, लेकिन इस बात की चिंता न तो विभाग को है और नहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों को।
कोपरा की जगह डलवाई मिट्टी
रहवासियों को कहना है कि पहले तो सड़क की खराब थी बाद में जिम्मेदारों ने गड्ढे भरने के लिए सड़क पर कोपरा की जगह मिट्टी डलवा दी, जिस कारण राहगीर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं।
पीडब्लूडी ने भी नहीं दिया ध्यान
रहवासियों के मुताबिक इस सड़क पर अमरावत कला, भोजनगर, शोभापुर, पचामा समेत 13 गांव के लोगों सड़क नहीं होने से नरकीय जीवन जी रहे हैं। रहवाससियों का कहना है पीडब्लूडी विभाग को पता है कि बारिश का समय है तो पहले से सड़क को बनाने का काम शुरू करना था। बारिश के समय सड़क को खोद दिया गया जिस कारण समस्या और बढ़ गई।
सरपंच का कहना नहीं हो रही सुनवाई
अमरावत कला पंचायत के सरपंच सोमत लोधी से जब सड़क के नहीं बनने के बारे में पूछा गया तो उनका कहना है कि सड़क को बनाने के लिए विभाग और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के पास गई, लेकिन किसी ने सड़क बनाने पर ध्यान नहीं दिया। छह: माह से सड़क का और भी बुरा हाल हो गया हैं।
सड़क के नहीं बनने से राहगीरों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा हैं। सड़क पर मिट्टी डलने से वाहन फिसल रहे है जिस कारण अब तक कई लोग घायल हो चुके हैं।
कृष्णकांत कुमार विश्वकर्मा, रहवासी
सड़क नहीं होने से समस्या ज्यादा रोजाना इस मार्ग से गुजरने वालो को होती हैं। स्कूली बच्चे में आए दिन फिसल कर गिर रहे हैं। और कोई बीमार हो जाता है तो इलाज कराने जाने में डर सा लगा रहता हैं।
राहुल लोधी, रहवासी
छह माह पहले सड़क को बनाने के लिए खोद दिया गया, इसके बाद न तो सड़क को बनाया गया और न ही कोपरा डलवाया गया। सड़क के खराब होने से इस मार्ग से गुजरने वालों लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा हैं।
जगदीश लोधी , सरपंच पति
अधिकारियों को कोपरा डलवाने के निर्देश दिए गए थे अधिकारियों ने कोपरा क्यो नहीं डलवाया इसकी जानकारी करवाता हूँ । कोपरा की जगह मिट्टी डाली गई तो संबधित अधिकारी पर कार्रवाई होगी।
संजय खाड़े , कार्यपालन यंत्री , पीडब्लूडी विभाग