भोपाल

एमपी में टूटे भीषण गर्मी के सभी रिकॉर्ड, खजुराहो में पारा 47°C पार, रेड अलर्ट पर 7 जिले

MP weather Update : एमपी में भीषण गर्मी पड़ रही है। खजुराहो में तापमान अबतक का सबसे अधिक 47.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। मौसम विभाग ने पूरे राज्य में लू चलने की चेतावनी दी है। जबकि, 7 जिलों में भीषण लू का रेड अलर्ट जारी किया है।

2 min read
एमपी में टूटे भीषण गर्मी के सभी रिकॉर्ड (Photo Source- Patrika)

Severe Heatwave Red Alert : इन दिनों मध्य प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में है। हालात ये है कि, कई जिले गर्मी से बुरी तरह झुलस रहे हैं। यहां सूरज की तीखी तपिश ने जनजीवन ही प्रभावित कर दिया है। प्रदेश में पारा 47 डिर्गी सेल्सियस के पार निकल चुका है, जिसने मई के महीने में प्रदेश में गर्मी के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। हालात इतने गंभीर हैं कि, राजधानी भोपाल में स्थित राज्य मौसम विभाग ने गुरुवार को पूरे राज्य में हीटवेव का अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं, 7 जिलों में तीव्र लू का रेड अलर्ट घोषित किया गया है। बता दें कि, गर्मी का सबसे ज्यादा असर ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड में दिखाई दे रहा है।

प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म क्षेत्र खजुराहो रिकॉर्ड किया गया है। यहां अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, मई के महीने में खजुराहो का ये अब तक का सबसे अधिक तापमान है। इससे पहले 29 अप्रैल 1993 को यहां 46.9 डिग्री तापमान दर्ज हुआ था। जबकि, नौगांव प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म इलाका रहा। यहां तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

ये भी पढ़ें

ऐसी दिखती थीं झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, बरसों बाद एमपी के म्यूजियम में गुमनाम पड़ी मिली दुर्लभ तस्वीर

16 जिलों में पारा 44 पार

दमोह में 46 डिग्री, मंडला में 45.6 डिग्री, सतना में 45.3 डिग्री और मुरैना में 45 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। टीकमगढ़, उमरिया, रीवा, सागर, नरसिंहपुर, रायसेन और दतिया समेत 16 शहरों में पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया।

बड़े शहरों के हाल

प्रदेश के बड़े शहरों में जबलपुर सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। ग्वालियर में 44.3 डिग्री, भोपाल में 42.6 डिग्री, उज्जैन में 42 डिग्री और इंदौर में 41.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

इन जिलों में गर्मी का रेड अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना जिलों में तीव्र लू का रेड अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तापमान 45 डिग्री या उससे अधिक रहने की संभावना है। वहीं भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर, रायसेन, दमोह, कटनी, मैहर, रीवा, सीधी, सिंगरौली, रतलाम और झाबुआ समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इधर इंदौर, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, देवास, धार, खरगोन, खंडवा, हरदा, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, शहडोल और अन्य जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

अगले चार दिन राहत के आसार नहीं

मौसम विभाग के अनुसार 23 मई तक प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा। इसके बाद नौतपा शुरू होगा, जिससे तापमान और बढ़ सकता है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत पूरे प्रदेश में तेज गर्मी पड़ने की संभावना जताई गई है।

मौसम विशेषज्ञों की सलाह

मौसम वैज्ञानिकों ने दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों से जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने को कहा गया है। इसके अलावा, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की अपील की गई है। बच्चों और बुजुर्गों को खास सतर्क रहने को कहा गया है।

ये भी पढ़ें

डाक सेवा में एमपी का अजब-गजब जलवा, यूपी-महाराष्ट्र जैसे राज्यो को दी मात, सर्विस में सबसे आगे
Published on:
21 May 2026 11:43 am
Also Read
View All