भोपाल

twisha case : रात 10 बजे अचानक आक्रामक और हिंसक हो गया समर्थ, सुबह ही भाग निकलना चाहती थी ट्विशा

twisha sharma case : आरोपपत्र में कई खुलासे, ट्विशा ने पति के व्यवहार की शिकायत की, भाई ने कहा कि उसके साथ बहुत क्रूरता की
2 min read
• •
Aug 18, 2026
Twisha Sharma Death Case:
twisha sharma case - ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह को नहीं मिल रही जमानत image patrika enhanced AI

twisha case : सीबीआई ने ट्विशा शर्मा मौत मामले में कोर्ट में चार्जशीट पेश कर दी है। इसमें पति समर्थ सिंह और उनकी मां सेवानिवृत्त प्रधान और जिला न्यायाधीश गिरिबाला सिंह पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। 600 से ज्यादा पेज की चार्जशीट में दोनों आरोपियों पर ट्विशा शर्मा को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ना देने और आत्मघाती कदम के लिए उकसाने के आरोप हैं। इसमें आखिरी क्षणों का भी जिक्र है। सीबीआई के अनुसार ट्विशा 12 मई को सुबह ही घर से भाग निकलना चाहती थी। रात करीब 10 बजे ने उसने अपनी मां से कहा कि पति समर्थ एकाएक बहुत आक्रामक और हिंसक हो गया है। कुछ ही देर बाद छत पर उसका शव मिला। ट्विशा के भाई आशीष शर्मा ने कहा कि आरोप पत्र में स्पष्ट हो गया कि उसके साथ बहुत क्रूरता की गई थी।

ट्विशा शर्मा मौत मामले में सीबीआई ने पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 108 और 3(5) के तहत चार्जशीट पेश की है। इसमें बताया गया है कि घटनावाली रात सब कुछ असामान्य था।9:36 बजे ट्विशा शर्मा ने अपनी भाभी को समर्थ सिंह के बारे में व्हाट्सएप पर लिखा कि "उससे कहो कि वह पत्नी का हिस्सा भी ले ले, लेकिन कल। मुझे अभी शांति से मरने दो।"

सीबीआई की चार्जशीट के अनुसार बाद में ट्विशा ने अपने पिता को भी फोन किया। उसने रोते हुए बताया कि समर्थ सिंह बहुत आक्रामक और हिंसक हो गया है। ट्विशा ने उन्हें जल्द से जल्द भोपाल आने को भी कहा। कुछ देर बाद रात करीब 10 बजे उन्होंने अपनी मां को भी फोन करते हुए समर्थ सिंह के आक्रामक और हिंसक हो जाने की बात दोहराई। यह ट्विशा शर्मा की आखिरी बातचीत साबित हुई। कुछ ही देर बाद उनकी लाश मिली। ट्विशा शर्मा को एम्स भोपाल में रात करीब 10:55 बजे मृत घोषित किया गया।

समर्थ ने शादी से पहले के रिश्तों को लेकर उसके चरित्र पर भी शंका की

सीबीआई की चार्जशीट में ट्विशा के हवाले से यह भी कहा गया है कि शादी के बाद उसे मानसिक रूप से लगातार प्रताड़ित किया गया। यहां तक कि समर्थ ने शादी से पहले के रिश्तों को लेकर उसके चरित्र पर भी शंका की। सास गिरिबाला सिंह भी पति का पक्ष लेते रहीं।

ट्विशा शर्मा 12 मई की सुबह ही घर से भाग निकलना चाहती थी

परेशान हो चुकी ट्विशा शर्मा 12 मई की सुबह ही घर से भाग निकलना चाहती थी। उसने अपनी मां को फोन कर 3000 रुपए मांगे। राजस्थान जाने के लिए ट्रेन का टिकट बुक कराने के लिए पिता ने यह राशि भेज भी दी पर समर्थ को इसकी भनक लग गई। इसके बाद वह काउंसलिंग के लिए राजी हो गया था।

Updated on:
18 Aug 2026 10:56 am
Published on:
18 Aug 2026 10:48 am