भोपाल

Bhopal news: फेमस होटलों के किचन में सड़ा खाना ! मशरूम से लेकर 50 किलों सड़े आलू, एक्सपायरी ब्रेड मिले

Food safety inspection: भोपाल के नामचीन होटल-रेस्टोरेंटों में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में सड़े-गले, एक्सपायरी खाद्य पदार्थ, गंदे स्टोरेज और स्वच्छता मानकों की गंभीर कमियां मिलीं।
2 min read
Sep 14, 2026
होटल में मिला सड़ा हुआ मशरूम और आलू (Photo Source - Patrika)
होटल में मिला सड़ा हुआ मशरूम और आलू (Photo Source - Patrika)

Bhopal news: मध्यप्रदेश में भोपाल शहर के बड़े और नामचीन होटल-रेस्टोरेंटों के चमकदार माहौल के पीछे किचन की तस्वीर चिंताजनक मिली है। खाद्य सुरक्षा विभाग की दो दिन चली कार्रवाई में कई प्रतिष्ठानों में सड़े-गले खाद्य पदार्थ, एक्सपायरी के बाद रखी सामग्री, गंदे स्टोरेज, खुले डस्टबिन और खाद्य सुरक्षा मानकों में में गंभीर कमियां सामने आई। टीम ने शहर के 10 होटल और रेस्टोरेंट की जांच की, संदिग्ध खाद्य सामग्री के नमूने लिए और संबंधित प्रबंधन को सुधार नोटिस जारी किए है। जानिए किन होटलों में क्या मिला…

होटल सयाजी

फिश और चिकन एक्सपायरी अवधि के बाद भी उपयोग के लिए रखा मिला। वेज और नॉनवेज की प्रोसेसिंग व भंडारण में पर्याप्त पृथक्करण नहीं मिला। खुले डस्टबिन और अन्य स्वच्छता संबंधी कमियां भी सामने आईं। मीट और मीट उत्पादों के लाइसेंस तथा पानी की गुणवत्ता संबंधी दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

होटल पलाश, न्यू मार्केट

न्यू मार्केट स्थित होटल पलाश में आठ पैकेट सड़े हुए मशरूम मिले, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। किचन में खुले डस्टबिनों में सड़े-गले खाद्य पदार्थ पाए गए। फ्रोजन एरिया में सड़े बैंगन, पालक और अन्य सब्जियां मिलीं। नॉनवेज कोल्ड स्टोरेज में टोफू रखा मिला, जबकि नॉनवेज पैकेटों पर वेंडर का नाम-पता नहीं था।

होटल टर्टोकॉइज हॉस्पिटेलिटी

टर्टोकॉइज हॉस्पिटेलिटी में कीट लगे मूंग और राजमा, गंदा फ्रीजर, खुले डस्टबिन और खाद्य हैंडलर्स के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र नहीं मिले। वहीं महादेव भोजनालय में पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध मिलने पर नमूना लिया गया। होटल आदित्य ग्रैंड में एक्सपायरी ब्रेड मिली और पनीर का नमूना जांच के लिए भेजा गया।

सैर सपाटा साक्षी ढाबा

सीएम हेल्पलाइन पर मिली शिकायत के बाद जांच की गई। शिकायत में बकरे या चिकन के बजाय अन्य प्रकार के मांस के उपयोग का आरोप था। जांच के दौरान मटन और पनीर के नमूने लिए गए हैं।

यहां भी हुई कार्रवाई

द क्राउन 1909 रूफटॉप रेस्टोरेंट, मिंटो हॉल, जहांनुमा रिट्रीट और सैर सपाटा क्षेत्र के अन्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया। जांच में खाद्य गुणवत्ता, भंडारण, वेज-नॉनवेज पृथक्करण, एक्सपायरी सामग्री, स्वच्छता, लाइसेंस, मेडिकल फिटनेस, पेस्ट कंट्रोल और लेबलिंग की जांच की गई।

होटल रेडिसन

यहां पर 50 किलो सड़े हुए आलू मिले, जिन्हें नष्ट कराया गया। हनी ब्रेड के चार पैकेट मिसब्रांडेड पाए गए, जबकि मीट और फ्रोजन मीट के रखरखाव तथा डस्टबिन व्यवस्था में कमियां मिलीं।

दो दिनी अभियान में दस होटल्स की जांच की गई। संदेह होने पर नमूने लिए। सड़ा और खराब खाद्य पदार्थ नष्ट कराया गया। औचक जांच अब लगातार जारी रहेगी।-शिवराज पावक, खाद्य सुरक्षा अधिकारी

Updated on:
14 Sept 2026 10:54 am
Published on:
14 Sept 2026 10:54 am