भोपाल

एमपी की पूर्व सीएम उमा भारती की तबीयत बिगड़ी, इलाज कराने रोका काफिला

Uma Bharti Health Issue- बीजेपी की वरिष्ठ नेता और एमपी की पूर्व सीएम का यूपी के मुजफ़्फरनगर में उपचार कराया, हरिद्वार से दिल्ली जाते समय हुईं बीमार

2 min read
Jun 18, 2026
Former MP CM Uma Bharti health deteriorates
Uma Bharti -फोटो सोर्स- ANI

Uma Bharti- बीजेपी की वरिष्ठ नेता और एमपी की पूर्व सीएम उमा भारती Uma Bharti की तबीयत अचानक बिगड़ गई। वे कार से दिल्ली जा रहीं थीं कि रास्ते में ही बीमार हो गईं। मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री 67 वर्षीय उमा भारती को तुरंत रोककर इलाज कराया गया। जब वे कुछ अच्छा महसूस करने लगीं तब दोबारा सफर शुरु किया। उमा भारती के स्टॉफ के अधिकारियों ने बुधवार को यह बात बताई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी तबीयत उस वक्त बिगड़ गई थी जब वे हरिद्वार से दिल्ली के लिए निकली थीं। सड़क मार्ग से जा रहीं उमा भारती के साथ यह घटना यूपी के मुजफ्फरनगर जिले में हुई थी। उनकी तबीयत खराब होने पर समर्थकों ने चिंता जताई। प्रदेश के साथ ही देशभर के वरिष्ठ नेताओं ने उनके स्वास्थ्य का हालचाल लिया।

पूर्व सीएम उमा भारती को हिमालय से खासा लगाव है। यही कारण है कि उत्तराखंड जाते रहती हैं। विशेष रूप से देवप्रयाग और हरिद्वार जाकर ध्यान, साधना करती हैं। उमा भारती मंगलवार रात हरिद्वार से ही वापस लौट रहीं थीं कि रास्ते में उनकी तबीयत बिगड़ गई। कार में वे बेचैन हो उठीं। उन्होंने अपने स्टॉफ से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की शिकायत की।

यूपी के मुजफ़्फरनगर में उपचार कराया, हरिद्वार से दिल्ली जाते समय हुईं बीमार

उमा भारती को असहज देखकर मुजफ़्फरनगर में काफिले को रोका गया। सिंधावली गांव के पास एक पेट्रोल पंप पर कार रोकी और मौके पर ही मेडिकल मदद मंगाई गई। चिकित्सकों ने उमा भारती की जांच की। जांच में पूर्व सीएम का रक्तचाप बढ़ा मिला और पैर में सूजन भी पाई गई। समुचित उपचार के बाद ही उन्हें दिल्ली रवाना किया गया।

बीजेपी नेता उमा भारती के स्वास्थ्य के संबंध में बाद में मुजफ्फरनगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. सुनील तेवतिया का बयान भी सामने आया। उन्होंने बताया सूचना मिलते ही एक मेडिकल टीम मौके पर पहुंची और पूर्व सीएम की जांच की। उमा भारती को मौके पर ही उपचार और मेडिकल सहायता दी गई। CMO डॉ. सुनील तेवतिया ने इस बात की पुष्टि कि पूर्व सीएम का ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ था। उनके पैर भी सूजे थे। उपचार के बाद पूर्व सीएम उमा भारती ने फिर से यात्रा शुरू की। वे सकुशल दिल्ली पहुंच गईं।

बता दें कि हाल ही में पूर्व सीएम उमा भारती ने देवप्रयाग की अपनी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। उन्होंने अपने एक्स हेंडल पर लिखा-

हिमालय है, देेवप्रयाग है, नरसिंह भगवान की पहाड़ी के पीछे चंद्रमा निकल रहा है और मैं परमानंद में मगन हूं।

Published on:
18 Jun 2026 07:04 am