भोपाल

बैंक अधिकारी बनकर ठग रहे जालसाज, क्रेडिट कार्ड अपडेट का झांसा, भोपाल में 2.67 लाख की ठगी

Cyber Fraud : बैंक अधिकारी बनकर ठगों ने लिंक भेजा और राजधानी में दो लोगों को बना लिया ठगी का शिकार। भोपाल पुलिस की अपील- फोन पर न ही कोई लिंक क्लिक करें और न ही बैंक या दस्तावेजों से संबंधित जानकारी साझा करें।
2 min read
Cyber Fraud
Cyber Fraud (बैंक अधिकारी बनकर भोपाल में दो लोगों से लाखों की ठगी Photo Source- Patrika)

Bhopal News : साइबर पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद मध्य प्रदेश में साइबर ठगी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। राजधानी भोपाल में ही हर रोज अलग - अलग ढंग से ठगी के नए - नए मामले सामने आ रहे हैं। यहां साइबर ठग बैंक अधिकारियों के नाम पर लोगों को निशाना बना रहे हैं। क्रेडिट कार्ड से जुड़ी सुविधाओं और शुल्क से बचाने का झांसा देकर दो लोगों से कुल 2 लाख 67 हजार 555 रुपए की ऑनलाइन ठगी की गई है। इन दोनों ही मामलों को लेकर कटारा हिल्स और शाहजहांनाबाद थाना पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के मामले दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।

अंतरराष्ट्रीय ट्रांजेक्शन बंद कराने का बहाना

शहर के कटारा हिल्स में रहने वाले 39 वर्षीय दुष्यंत कटियार, एक निजी कंपनी में एरिया हेड हैं। 3 जुलाई को उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। खुद को आइसीआइसीआइ बैंक का कर्मचारी बताते हुए कहा कि, क्रेडिट कार्ड पर 995 रुपए का वार्षिक शुल्क लगने वाला है। शुल्क से बचने के लिए उसने अंतरराष्ट्रीय ट्रांजेक्शन बंद कराने का बहाना बनाया और एक लिंक भेजकर मोबाइल में ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा गया। दुष्यंत ने जैसे ही लिंक खोलकर एप डाउनलोड किया, उनके मोबाइल पर लगातार ओटीपी आने लगे। कुछ ही मिनटों में उनके खाते से पहले 60,499 रुपए और फिर 5,050 रुपए निकाल लिए गए।

नए क्रेडिट कार्ड की सुविधा का लालच

वहीं, दूसरा मामला शाहजहानाबाद थाने के अंतर्गत आने वाले ईदगाह हिल्स इलाके से सामने सामने आया। यहां रहने वाले 64 वर्षीय फारूक अजीज के साथ ठगी की वारदात हुई है। फारुख ने पुलिस को बताया कि, 25 जून को एक व्यक्ति ने खुद को एचडीएफसी बैंक का अधिकारी बताते हुए उन्हें फोन किया। आरोपी ने अधिक सुविधाओं वाले नए क्रेडिट कार्ड का ऑफर दिया और बातचीत के दौरान फारूक से उनके क्रेडिट कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद उनके खाते से 2 लाख 2 हजार 6 रुपए निकाल लिए गए। फिलहाल, शाहजहांनाबाद पुलिस ने इस मामले में भी साइबर धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस की अपील

इस तरह के मामलों को लेकर भोपाल पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि, किसी भी लिंक पर क्लिक करने से बचे और फोन पर ओटीपी, सीवीवी, कार्ड नंबर या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ भी साझा न करें। वरना आप भी ठगी का शिकार हो सकते हैं।

Updated on:
13 Jul 2026 08:21 am
Published on:
13 Jul 2026 08:21 am