
Bhopal Don News : भोपाल के कुख्यात गैंगस्टर रहे मुख्तार मलिक के बेटे यासीन मलिक उर्फ शोबी को टीला जमालपुरा में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, महिला को गोली मारने के मामले में यह कार्रवाई की गई। यासीन मलिक ने पारिवारिक विवाद में महिला पर गोली चला दी थी। मामले की 27 दिन की जांच के बाद उसे सोमवार को गिरफ्तार किया गया। यासीन मलिक के मामले से उसका गैंगस्टर पिता मुख्तार मलिक भी फिर चर्चा में आ गया। एक समय मुख्तार का राजधानी और आसपास के इलाकों में जबर्दस्त आतंक था। उसने तत्कालीन सीएम तक को धमकी दे दी थी। मुख्तार मलिक के खिलाफ रायसेन और भोपाल के थानों में 56 केस दर्ज थे। हालांकि उसका अंत बेहद दर्दनाक हुआ। करीब 4 साल पहले राजस्थान के झालावाड़ के जंगलों में वह भूख प्यास से तड़पता मिला था। अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया था।
पुलिस के अनुसार यासीन मलिक ने गुस्से में अपनी पिस्टल से महिला पर गोली चलाई थी। पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने खूब कहानियां बनाई। यासीन मलिक के पास से एक पिस्टल बरामद की गई है। उसने वारदात में इसी का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने एक जिंदा कारतूस भी जब्त किया है।
24 साल के यासीन मलिक के खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में करीब एक दर्जन आपराधिक केस दर्ज हैं। इनमें मारपीट, तोड़फोड़ से लेकर हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले भी हैं। उसे दिसंबर 2025 में जिला बदर कर दिया गया था। यासीन मलिक इसका उल्लंघन करते हुए भोपाल में ही रहता रहा। इसपर बाद में उसे गिरफ्तार किया गया था।
यासीन मलिक मामले से उसका पिता कुख्यात बदमाश मुख्तार मलिक भी सुर्खियों में आ गया। वह मूलत: रायसेन जिले की गोहरगंज का रहने वाला था। मुख्तार मलिक 1982 से अपराध की दुनिया में सक्रिय था पर भोपाल की अदालत में 1995 में खुलेआम गोलीबारी करने के बाद खूब चर्चित हो गया था। उसने हफ्ता वसूली और अड़ीबाजी से अपराधों की शुरुआत की लेकिन बाद में विवादित प्रॉपर्टी डीलिंग, जमीन पर कब्जा करने, कब्जा दिलाने, मछली ठेके जैसे काम शुरू कर दिए। इस दौरान मुख्तार मलिक पर हत्या, हत्या का प्रयास, बलवा जैसे अनेक संगीन मामले दर्ज होते चले गए। उसके पास एके-47 से लेकर विदेशी माउजर, रिवाल्वर, ऑटोमेटिक पिस्टल जैसे आधुनिक हथियार थे। वर्ष 1995 में भोपाल अदालत में हुई गैंगवार में हाईकोर्ट ने मुख्तार मलिक को फांसी की सजा सुनाई थी। हालांकि बाद में सुप्रीम कोर्ट ने उसको बरी कर दिया था।
कोहेफिजा इलाके में अहमदाबाद पैलेस में जमीन विवाद पर पुलिस ने मुख्तार मलिक पर केस दर्ज किया तो वह फरार हो गया। 2022 में उसकी दर्दनाक मौत हो गई थी।
राजस्थान के झालावाड़ के असनावर में मछलियों के ठेके को लेकर हुए विवाद के बाद मुख्तार को जंगल में भागना पड़ा। वह कई दिनों तक भूखा रहा, यहां तक कि पानी के लिए भी तरस गया था। मुख्तार मलिक के पैरों में छाले पड़ गए थे। वह पुलिस को जंगल में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसकी स्थिति बहुत थी और अस्पताल ले जाते समय बीच रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं थी। मुख्तार मलिक को गौहरगंज के कब्रिस्तान में ही दफनाया गया था।