भोपाल

GIS 2025: PM-CM के लिए डबल स्टोरी हट, मेहमानों के लिए 11 वैनिटी वैन

जीआइएस की तैयारियों को दिया जा रहा है अंतिम रूप, उद्योगपति मैत्रेयी पहाड़ी के निर्देशन में देखेंगे प्रदेश की लोककला और संस्कृति

3 min read
Feb 08, 2025
GIS 2025: मानव संग्रहालय में ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट को लेकर चल रही तैयारियों का ड्रोन फोटो।

GIS 2025 Bhopal: राजधानी में 24-25 फरवरी होने वाली ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के लिए कार्यक्रम स्थल राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में डोम बनना शुरू हो गए हैं। बड़ा तालाब की तरफ से निर्माण जारी है। इसमें सबसे बड़ा मुख्य हॉल बनाया जा रहा है। इसके अलावा 55 अलग स्ट्रक्चर बनाए जाएंगें। मेहमानों के आराम और सुविधा के लिए सभी आधुनिक सुविधाओं वाली 11 वैनिटी वैन की भी व्यवस्था रहेगी। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के लिए डबल स्टोरी हट बनाई जा रही है।

अभी तक जीआइएस के लिए 10 हजार से अधिक उद्योगपति और निवेशक रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। समिट की व्यवस्थाएं 1000 से अधिक प्रशासनिक अधिकारियों के जिम्मे रहेंगी। प्रमुख बिजनेस कॉलेजों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों को वॉलंटियर्स बनाकर जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।

यह स्ट्रक्चर बन रहे

पीएम, सीएम के लिए डबल स्टोरी हट, एमपी पैवेलियन, मुख्य हॉल, मीडिया हेंगर, सेक्टोरल सेशन के लिए दो डोम, कंट्री सेशन, मिनी लाउंज, पार्टनर कंट्री लाउंज, बीटूजी मीटिंग हॉल, दो समिट हॉल, वीआइपी लंच हॉल, डेलीगेट्स किचिन, मिनिस्टर और स्पीकर लाउंज, कंट्रोल रूम, रजिस्ट्रेशन हैंगर, वेटिंग एरिया, पुलिस, मेडिकल रूम होंगे।

1000 अफसरों की ड्यूटी

समिट की व्यवस्थाओं के लिए 1,000 प्रशासनिक कर्मियों की तैनाती की जाएगी। इनमें 300 विशेष जिम्मेदारियों के लिए अधिकारी, 70 विशिष्ट लायजनिंग अधिकारी, 85 से अधिक वीवीआईपी लायजनिंग अधिकारी और 200 अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं, जिन्हें जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त किया गया है। ये व्यवस्था को संभालेंगे।

इनको भेजा आमंत्रण

जीआईएस में देश के सभी प्रमुख उद्योगपतियों को आमंत्रित किया गया है। इनमें मुकेश अंबानी, गौतम अडानी, नोएल एन. टाटा, एन. चंद्रशेखरन, आनंद महिंद्रा, जमशेद एन. गोदरेज, संजीव बजाज, सतीश रेड्डी, संजीव पुरी, नादिर गोदरेज, पवन मुंजाल, अजीज प्रेमजी, सलिल एस. पारेख, दिलीप संघवी, वेणु श्रीनिवासन, सुनील मित्तल, उदय कोटक आदि शामिल हैं।

कलेक्टर ने तीन घंटे की ली समीक्षा बैठक

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की व्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रमङ्क्षसह ने साढे तीन घंटे की मैराथन बैठक की। इसे जीआइएस व्यवस्थाओं को लेकर फाइन ट्यून बैठक नाम दिया गया। इसमें हर जिम्मेदार अफसर कर्मचारी से वन टू वन पूछताछ की गई। व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अब तक क्या किया ये सवाल भी किया। नोडल अफसरों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

120 लाइजनिंग अफसरों की सूची भी तैयार की। मेहमानो क स्वागत व्यवस्था मे जिम्मेदारी दी जाएगी। बैठक में एमपीटी व उद्योग विभाग के जिला अफसरों को भी बुलाया गया था। जीआइएस में गाडियों को पार्क करने 100 पार्किंग स्थल विकसित किए जा रहे हैं। यहां अतिथियों के वाहनों को रखने की व्यवस्था होगी। सौंदर्यीकरण पर भी बात हुई।

45 मिनट की नृत्यनाटिका

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में एक खास और आकर्षक नृत्य नाटिका का मंचन किया जाएगा। यह नृत्य नाटिका प्रसिद्ध कलाकार मैत्रेयी पहाड़ी के निर्देशन में प्रस्तुत होगी, जिसमें मध्यप्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, लोककला और पर्यटन को दर्शाया जाएगा। 24 फरवरी को कार्यक्रम का आयोजन शाम 6 बजे से मानव संग्रहालय में होगा, जिसकी अवधि लगभग 45 मिनट होगी।

प्रस्तुति से दिया जाएगा राज्य का परिचय

नृत्य नाटिका में मध्यप्रदेश की विविधता और सांस्कृतिक धरोहर को दर्शाया गया है। इसके लिए कलाकारों ने रिहर्सल भी शुरू कर दी है। प्रस्तुति में पारंपरिक लोक नृत्य, गीत, संगीत और लोक कला का समावेश है। कलाकारों की टीम इस प्रस्तुति के माध्यम से दर्शकों को मध्यप्रदेश के विभिन्न हिस्सों की लोक संस्कृति और कला से परिचित कराएगी। इसके साथ ही, राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों की सुंदरता और महत्व को भी उजागर किया जाएगा।

लोक कला व संस्कृति का दिखेगा समन्वय

संस्कृति संचालनालय के संचालक एनपी नामदेव ने बताया कि इस प्रस्तुति का उद्देश्य न केवल प्रदेश की कला और संस्कृति का प्रचार-प्रसार करना है, बल्कि निवेशकों को राज्य के सांस्कृतिक और पर्यटन क्षेत्र में संभावनाओं से अवगत कराना भी है। कार्यक्रम में देश और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित कलाकार भाग ले रहे हैं। यह नृत्य नाटिका मध्यप्रदेश की लोक कला को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का मौका मिलेगा।

3 हजार फूलों के गमलों से सजेंगी सड़कें

ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट (जीआइएस) में मेहमानों के लिए 3 हजार फूलों के गमलों से सडक़े सजाई जाएगी। महापौर मालती राय ने चार इमली स्थित निगम की नर्सरी में मानव संग्रहालय को आने वाले मार्गों पर रखे जाने वाले सजावटी गमलों एवं पौधों का अवलोकन किया। इसके बाद इन्हें प्रमुख सड़कों के किनारे सजाने के निर्देश दिए।

Updated on:
08 Feb 2025 08:44 am
Published on:
08 Feb 2025 08:31 am
Also Read
View All

अगली खबर