government jobs in mp: सांख्यिकी विभाग की रिपोर्ट 2025 में चौंकाने वाला खुलासा, पिछले साल से बढऩे की बजाय कम हुए 3881 कर्मचारी, युवाओं को हाथ लगी सिर्फ निराशा, महिलाओं की संख्या भी लगातार हो रही है कम...
Government Job Alert: सरकारी सेवाओं में भर्ती के लिहाज से वर्ष 2025 युवाओं के लिए बहुत मायूसी भरा रहा है। इस वर्ष नियमित कर्मचारियों की संख्या में सिर्फ 282 का ही इजाफा हुआ है। जबकि वर्ष 2024 में 16 हजार 326 नए कर्मचारी जुड़े थे। नियमित के साथ नगरीय निकाय, विकास प्राधिकरण, सार्वजनिक उपक्रम आदि सभी के कर्मचारियों को शामिल किया जाए तो वर्ष 2025 में पिछले साल से संख्या बढ़ने की बजाय 3 हजार 881 कर्मचारी कम हुए हैं। हालांकि शासकीय सेवाओं में कुल कर्मचारियों में से 30.06 प्रतिशत महिलाएं कार्यरत हैं।
आर्थिक एवं सांख्यिकी संचालनालय द्वारा शासकीय कर्मचारियों की सेंसस संबंधी रिपोर्ट में सामने आए हैं। कर्मचारी गणना के तहत मध्यप्रदेश शासन के विभिन्न विभागों, विभागाध्यक्षों और उनके अधीनस्थ कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों के साथ राज्य के सार्वजनिक उपक्रमों, अर्द्धशासकीय संस्थाओं, विश्वविद्यालयों, नगरीय स्थानीय निकायों, ग्रामीण स्थानीय निकायों, विकास प्राधिकरणों एवं विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरणों में कार्यरत वेतन भोगियों को शामिल किया गया है।
कर्मचारियों की गणना में 31 मार्च 2025 तक की अवधि की है। रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2024 की तुलना में 2025 में नियमित शासकीय कर्मचारियों की संख्या में 0.05 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। हालांकि स्थानीय निकायों, सार्वजनिक उपक्रम आदि में कर्मचारियों की संख्या घटी है।
प्रदेश में कार्यरत कुल शासकीय कर्मचारियों में से पुरुष 4.24 लाख और महिलाएं 1.82 लाख हैं। कुल शासकीय कर्मचारियों में 30.06 फीसदी महिलाएं हैं। द्वितीय श्रेणी के राजपत्रित पदों पर सबसे ज्यादा 33.93 प्रतिशत महिलाएं काम कर रही हैं। जबकि चतुर्थ श्रेणी के पदों पर सबसे कम 20.54 प्रतिशत महिलाएं ही काम कर रही हैं। तृतीय श्रेणी पदों पर भी 30 प्रतिशत महिलाएं हैं। सरकारी सेवाओं में महिलाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।
प्रदेश में कार्यरत कुल कर्मचारियों में सबसे ज्यादा 46 से 50 साल के बीच के हैं। इनकी संख्या 94083 है। यानी सरकारी सेवाओं में अनुभवी लोगों की संख्या ही सबसे ज्यादा है। इसके बाद 41 से 45 साल वाले कर्मचारी ज्यादा हैं। कर्मचारियों में 18 से 21 साल के केवल 1891 ही कार्यरत हैं। इससे स्पष्ट युवाओं की नई भर्ती और युवाओं की सरकारी सेवाओं में रुचि का आकलन लगा सकते हैं।