Paddy farmers of MP- सरकार ने धान किसानों को किया भुगतान, मंत्री गोविंदसिंह राजपूत ने कहा कि पिछली बार से ज्यादा हुई खरीदी
Paddy farmers of MP- आर्थिक दुरावस्था से जूझ रहे मध्यप्रदेश के किसानों के लिए राहत की खबर है। उनके बैंक खातों में सरकार ने धान की खरीदी के करोड़ों रुपयों का भुगतान कर दिया है। एमपी के साढ़े 7 लाख से ज्यादा किसानों से धान की खरीदी की गई है। बेची गई उपज के भुगतान से किसानों को खासी राहत मिल सकती है। प्रदेश के खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि इस बार गत वर्ष से अधिक धान की खरीदी हुई है। इससे धान किसान को भरपूर पैसा मिला है।
प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि राज्य में धान उपार्जन के लिए निर्धारित तिथि 20 जनवरी तक गत वर्ष से 8 लाख 22 हजार मीट्रिक टन अधिक धान की खरीदी हुई है। किसानों को उनकी उपज का भुगतान भी समय पर किया गया है।
प्रदेश में इस वर्ष समर्थन मूल्य पर 51 लाख 75 हजार मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदी गई है। इनकी तुलना में गत वर्ष 43 लाख 52 हजार 905 मीट्रिक टन धान खरीदी गई थी। इस बार प्रदेश के 7 लाख 62 हजार 629 किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की गई है।
मंत्री गोविंदसिंह राजपूत ने बताया कि प्रदेश में धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2369 रूपए प्रति क्विंटल है। किसानों को अभी तक 9485 करोड़ रूपए से अधिक राशि का भुगतान भी किया जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि धान बेचने के लिए कुल 8 लाख 59 हजार 822 किसानों ने पंजीयन कराया था। एक दिसम्बर से शुरू हुई धान खरीदी के लिए विभिन्न जिलों में 1436 केन्द्र बनाए गए थे। किसानों से खरीदी गई धान की 84 प्रतिशत मात्रा यानि 43 लाख 55 हजार 879 मीट्रिक टन का परिवहन भी किया जा चुका है।