
मध्यप्रदेश कैडर के आइएएस आफिसर डा. राहुल हरिदास फटिंग को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। (फोटो-सोशल मीडिया)
IAS Rahul Haridas Fating- मध्यप्रदेश में जहां एक ओर प्रशासनिक फेरबदल के अंतर्गत आइएएस-आइपीएस को इधर उधर करने की तैयारी चल रही है वहीं यहां के वरिष्ठ अधिकारियों को केंद्र सरकार भी बुला रही है। इसी क्रम में आइएएस फटिंग राहुल हरिदास को नया व अहम दायित्व दिया गया है। उन्हें पंचायती राज, मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी विभाग के केंद्रीय मंत्री के निज सचिव के रूप में भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री के कार्यालय में नियुक्त किया गया है।
IAS डॉ. राहुल हरिदास फटिंग पूर्व में बड़वानी जिले के कलेक्टर रह चुके हैं। उन्होंने यहां समग्र विकास के लिए अनेक नवाचार किए। बड़वानी में किए गए इन कार्यों के लिए 17 वें सिविल सेवा दिवस (सुशासन दिवस) पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उन्हें 'प्रधानमंत्री उत्कृष्टता सम्मान 2023' प्रदान किया जा चुका है।
IAS डॉ. राहुल हरिदास फटिंग अभी मध्यप्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं संचालक का जिम्मा संभाल रहे थे। उनके पास मध्यप्रदेश एड्स नियंत्रण समिति का प्रभार भी था। IAS राहुल हरिदास फटिंग की अब पंचायती राज, मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह लल्लन सिंह के निजी सचिव के रूप में नियुक्ति की गई है।
आईएएस अधिकारी राहुल हरिदास मप्र कैडर में 2012 बैच के अफसर हैं, जो मूलत: महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। आधिकारिक जानकारी के अनुसार उन्हें देश के पंचायती राज, मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह के निजी सचिव के रूप में पांच साल के कार्यकाल के लिए या सह-कार्यकाल के आधार पर नियुक्त किया गया है।
आइएएस ऑफिसर डॉ. राहुल फटिंग लो प्रोफ़ाइल में रहने वालों में से हैं और काम पर विश्वास करते हैं। महाराष्ट्र के चंद्रपुर के एक मध्यमवर्गीय परिवार में 24 मार्च 1985 को उनका जन्म हुआ। डॉक्टर राहुल फ़टिंग ने शासकीय मेडिकल कॉलेज यवतमाल से एमबीबीएस की डिग्री ली। इसके बाद यूपीएससी की तैयारी की और सन 2011 में भारतीय पुलिस सेवा आइपीएस में चयनित हुए। अगले ही प्रयास में सन 2012 में डॉक्टर राहुल फटिंग भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के लिए चुन लिए गए। उनकी मध्यप्रदेश में पोस्टिंग की गई।
डॉक्टर राहुल फटिंग रीवा जिले में सहायक कलेक्टर, अनूपपुर जिले में एसडीएम और शिवपुरी जिले में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जबलपुर जिले में अपर कलेक्टर रहे। वे मध्यप्रदेश खनिज निगम में कार्यपालन संचालक, खनिज संसाधन विभाग में उप सचिव, मनरेगा में अतिरिक्त आयुक्त तथा संचालक वाटरशेड भी रहे हैं। सिवनी जिले में कलेक्टर का पदभार संभाला। 30 जनवरी 2023 को बड़वानी जिले के कलेक्टर नियुक्त किए गए। यहां का उनका कार्यकाल देश-दुनिया में सराहा गया। बड़वानी जिले में कलेक्टर के रूप डॉक्टर राहुल फटिंग ने अनेक नवाचारों की शुरुआत की। नीति आयोग के मापदंडों में कमजोर सूचकांकों के कारण आकांक्षी जिला विकास कार्यक्रम में शामिल जिल के सर्वांगीण विकास का प्रयास किया। डॉक्टर राहुल फटिंग ने खासतौर पर शिक्षा, स्वास्थ्य व कुपोषण दूर के लिए काम किया।
Updated on:
03 Apr 2026 02:58 pm
Published on:
03 Apr 2026 01:39 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
